हुड्डा जिस हवा की बात कह रहे हैं, वह भाजपा की ओर बह रही है: सुभाष बराला

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से पांच जिलों के लिए संकल्प पत्र संकलन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस समय न तो कांग्रेस और न ही इनेलो या जजपा का कोई जनाधार है। जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने सभी 10 सीटों पर विजय दिलाकर भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाई है, उसी प्रकार विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा में जनता जनार्दन का आशीर्वाद फिर से भाजपा को मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा द्वारा प्रदेश की हवा बदलने के बयान पर सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश की हवा तो पूरी तरह से बदली हुई है और यह भाजपा के पक्ष में चल रही है। पूरे प्रदेश की जनता को इस बात की समझ है कि उनका हित और हरियाणा का विकास केवल भाजपा ही करवा सकती है। अन्य पार्टियों के गठबंधन की सुगबुगाहट से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गठबंधन तो तब होता है जब किसी पार्टी का जनाधार होता है।
आज भाजपा के अलावा सभी पार्टियां अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही हैं। इनके नेता केवल स्वार्थ की राजनीति का शिकार होकर घर और पार्टी से लड़ रहे हैं, जिसके कारण इनके गठबंधन का भी कोई औचित्य नहीं है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा दिए गए एक बयान के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी सरकार के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल की याद आ रही है, जिसमें उन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था। 

More videos

See All