Molitics Logo
होम दिल्ली में 'ट्रिपल इंजन' की तैयारी, MCD में बीजेपी की बढ़त, AAP के तीन पार्षदों ने थामा दामन

दिल्ली में 'ट्रिपल इंजन' की तैयारी, MCD में बीजेपी की बढ़त, AAP के तीन पार्षदों ने थामा दामन

बीजेपी में शामिल होने वाले पार्षदों में एंड्रयूज गंज से अनीता बसोया, आरके पुरम से धर्मवीर और चपराना वार्ड 152 से निखिल का नाम शामिल है। विधानसभा चुनाव में |

दिल्ली में 'ट्रिपल इंजन' की तैयारी, MCD में बीजेपी की बढ़त, AAP के तीन पार्षदों ने थामा दामन
फोटो: Triple Engine, MCD, Delhi
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब नगर निगम (एमसीडी) में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन मौजूदा पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन पार्षदों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

एमसीडी में भी बीजेपी की रणनीति तेज


बीजेपी में शामिल होने वाले पार्षदों में एंड्रयूज गंज से अनीता बसोया, आरके पुरम से धर्मवीर और चपराना वार्ड 152 से निखिल का नाम शामिल है। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद अब बीजेपी की नजरें एमसीडी चुनाव पर टिक गई हैं। अप्रैल में होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर चुनाव को लेकर बीजेपी अब अपनी रणनीति मजबूत कर रही है। विधानसभा चुनाव में 48 सीटें जीतकर बीजेपी ने स्पष्ट बढ़त बनाई, जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई। इस जीत के बाद एमसीडी में भी बीजेपी का प्रभाव बढ़ सकता है।

पिछले मेयर चुनाव में AAP को मिली थी मामूली बढ़त


दिल्ली नगर निगम के मेयर का पिछला चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था, लेकिन इसका कार्यकाल केवल पांच महीने का रहा। उस चुनाव में AAP के महेश खिंची ने बीजेपी के किशन लाल को महज तीन वोटों के अंतर से हराया था। कुल 263 वोटों में से महेश खिंची को 133, जबकि किशन लाल को 130 वोट मिले थे।

चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका


दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा था, जब उसके आठ विधायकों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। इन सभी विधायकों ने पहले आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर अगले ही दिन बीजेपी में शामिल हो गए थे। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रदेश प्रभारी बैजयंत पांडा की मौजूदगी में इन विधायकों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।

Read This Also:- ISI से संबंध के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार – "भाजपा खुद विवादों में घिरी है"