Molitics Logo
होम संविधान से खिलवाड़ और किसानों की अनदेखी: अलीगढ़ में बीजेपी पर गरजे अखिलेश यादव

संविधान से खिलवाड़ और किसानों की अनदेखी: अलीगढ़ में बीजेपी पर गरजे अखिलेश यादव

अलीगढ़ पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार संविधान की आत्मा |

संविधान से खिलवाड़ और किसानों की अनदेखी: अलीगढ़ में बीजेपी पर गरजे अखिलेश यादव
फोटो: संविधान से खिलवाड़ और किसानों की अनदेखी: अलीगढ़ में बीजेपी पर गरजे अखिलेश यादव
अलीगढ़ पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार संविधान की आत्मा और मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव है, जो देश के नागरिकों को अधिकार, सम्मान और पहचान देता है, लेकिन भाजपा बार-बार इसमें संशोधन कर उसे कमजोर करने का प्रयास कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठते हैं, लेकिन सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को दरकिनार कर अब दिल्ली से ही सीधे अफसरों के जरिए प्रशासन चलाया जा रहा है, जो राज्य सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और सरकार केवल जुमलेबाज़ी में लगी है। किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी आजीविका संकट में है। गेहूं का समर्थन मूल्य ऐसा रखा गया है जिससे किसान को नुकसान हो रहा है और प्राइवेट कंपनियों को फायदा। सरकार ऐसे कानून बना रही है जिससे बड़े कॉरपोरेट समूहों को लाभ मिले और किसान हाशिये पर चला जाए।

व्यापारियों के हालात का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी ने छोटे कारोबारियों को बर्बाद कर दिया है। उन्हें जो राहत मिलनी चाहिए थी, वह नहीं मिली। जीएसटी की जटिलताओं ने व्यापार की रफ्तार को रोक दिया है और सरकार इसके समाधान की दिशा में कुछ नहीं कर रही। रामजीलाल सुमन के संसद में दिए गए बयान पर उठे विवाद को लेकर अखिलेश यादव ने सफाई दी कि वह टिप्पणी राज्यसभा की कार्यवाही से हटा दी गई है और जब कोई बात रिकॉर्ड से हटा दी जाती है तो उसका अस्तित्व नहीं रहता। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर लोगों को भ्रमित करती है। अखिलेश यादव ने वक्फ संशोधन बिल को लेकर भी पार्टी की स्पष्ट राय रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कानून को अल्पसंख्यकों के अधिकारों के खिलाफ मानती है और किसी भी कीमत पर इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस बिल के जरिए धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक पहचान पर हमला कर रही है। उन्होंने अंत में कहा कि विपक्ष को दबाने की रणनीति के तहत सरकार सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन जनता सब समझ रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।