Molitics Logo
होम Parliament Session: लोकसभा में गूंजा स्वास्थ्य का मुद्दा, जेपी नड्डा बोले – ‘कई सांसद ओवरवेट’

Parliament Session: लोकसभा में गूंजा स्वास्थ्य का मुद्दा, जेपी नड्डा बोले – ‘कई सांसद ओवरवेट’

नड्डा ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों की |

Parliament Session: लोकसभा में गूंजा स्वास्थ्य का मुद्दा, जेपी नड्डा बोले – ‘कई सांसद ओवरवेट’
फोटो: Parliament Session: लोकसभा में गूंजा स्वास्थ्य का मुद्दा, जेपी नड्डा बोले – ‘कई सांसद ओवरवेट’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को लोकसभा में सभी सांसदों से साल में कम से कम एक बार संपूर्ण स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, "यहां कई सदस्य ओवरवेट (आवश्यकता से अधिक वजन वाले) हैं।" प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य से जुड़े पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए नड्डा ने कहा, "हम आप सभी के स्वास्थ्य की चिंता करते हैं। मेरा सभी माननीय सदस्यों से आग्रह है कि वे हर साल कम से कम एक बार अपनी संपूर्ण स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय पूरी तरह से तैयार है।" लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जब नड्डा से आग्रह किया कि वे सांसदों से अपने क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य जांच कराने को कहें, तो इस पर मंत्री ने जवाब दिया, "जनता की जांच तो जरूरी है ही, लेकिन स्वयं सांसदों को भी अपनी मेडिकल जांच करानी चाहिए।"

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत स्वास्थ्य जांच अभियान


नड्डा ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों की स्वास्थ्य जांच का अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज़ और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाती है। अब तक 35 करोड़ से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है, जिसमें 4.2 करोड़ लोग उच्च रक्तचाप से और 2.6 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए। इसके अलावा, 29.35 करोड़ लोगों की मुख कैंसर की जांच की गई, जिसमें 1.18 करोड़ मामलों में कैंसर के लक्षण मिले। टीबी उन्मूलन अभियान को लेकर उन्होंने बताया कि अब नई मशीनों की मदद से एक साथ 32 नमूनों की जांच संभव है, जिससे टीबी स्क्रीनिंग की प्रक्रिया तेज हो गई है।

राज्यसभा सांसद मीसा भारती द्वारा पटना एम्स में डायरेक्टर पद खाली होने पर पूछे गए सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा, "किसी कारणवश पटना एम्स के डायरेक्टर को हटाया गया था। बहुत जल्द नए डायरेक्टर की नियुक्ति की जाएगी।" भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने लोकसभा में आयुष्मान कार्ड को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने कहा, "कुछ अस्पताल मरीजों को यह कहकर इलाज से इनकार कर देते हैं कि बेड उपलब्ध नहीं है या फिर दस्तावेज पूरे नहीं हैं, लेकिन पैसे लेकर वे इलाज करने को तैयार हो जाते हैं।" इसके जवाब में नड्डा ने कहा कि 63 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर किसी के पास कोई ठोस शिकायत है, तो उसे सरकार के संज्ञान में लाया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Read This Also:- जज के घर कैश मिलने पर संसद में हंगामा, सर्वदलीय बैठक में होगी अहम चर्चा