याचिका में राणा ने क्या कहा?
राणा ने अपने आवेदन में तर्क दिया कि यदि उन्हें भारत भेजा जाता है, तो उनके पास मुकदमे तक जीवित रहने की संभावना बेहद कम है। उन्होंने अपनी अपील में कहा, "यदि स्थगन नहीं दिया गया, तो मेरी समीक्षा नहीं होगी, अमेरिकी न्यायालय अपना अधिकार क्षेत्र खो देंगे, और मैं जल्द ही मर जाऊंगा।"
26/11 के हमलों के आरोपी ने यह भी दावा किया कि भारत में उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जा सकता है, खासकर उनके पाकिस्तानी मूल और मुस्लिम धर्म के कारण। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तानी सेना के पूर्व सदस्य रहे हैं और मुंबई हमलों में कथित भूमिका के कारण भारत में उन्हें यातना दिए जाने की आशंका अधिक है।
राणा ने अपनी बिगड़ती सेहत को भी प्रत्यर्पण रोकने का आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, जिनमें 3.5 सेमी का उदर महाधमनी धमनीविस्फार (एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म) शामिल है, जो कभी भी फट सकता है। इसके अलावा, उन्हें पार्किंसंस रोग और मूत्राशय कैंसर जैसी गंभीर समस्याएं भी हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें भारत भेजा गया, तो उन्हें वहां "भौरे के छत्ते में झोंक दिया जाएगा, जहां उन्हें राष्ट्रीय, धार्मिक और सांस्कृतिक दुश्मनी के कारण निशाना बनाया जाएगा।" इससे पहले, फरवरी में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा था कि तहव्वुर राणा को भारत भेजा जाएगा और वहां उसे न्याय का सामना करना होगा।
कौन है तहव्वुर राणा?
तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल के व्यवसायी, चिकित्सक और आव्रजन उद्यमी हैं। वह 26/11 हमलों के मुख्य साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली के करीबी सहयोगी माने जाते हैं।
उन पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LET) और पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के साथ कथित संबंध रखने का आरोप है।
मुंबई हमलों को अंजाम देने में राणा की कथित संलिप्तता वर्षों से भारत और अमेरिका के बीच विवाद का विषय बनी हुई है। भारत लंबे समय से उनका प्रत्यर्पण चाहता है ताकि उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जा सके, लेकिन राणा अब तक कानूनी लड़ाई लड़ते हुए अमेरिका में प्रत्यर्पण रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
Read This Also:- कुणाल कामरा की शिंदे पर टिप्पणी ने बढ़ाया विवाद, मुंबई में तोड़फोड़, केस दर्ज
Read This Also:- कुणाल कामरा की शिंदे पर टिप्पणी ने बढ़ाया विवाद, मुंबई में तोड़फोड़, केस दर्ज





