इस हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने जमकर बवाल किया। तीन बाइक और एक कार को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य दोपहिया और तिपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए इस उपद्रव से इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया। पूरे गांव में पुलिस कैंप कर रही है और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मौके पर एएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झड़प की शुरुआत महाशिवरात्रि के झंडे और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर हुई। भारत चौक पर धार्मिक आयोजन के लिए झंडा लगाया जा रहा था और लाउडस्पीकर बजाया जा रहा था, जिसे लेकर दो गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। यह बहस जल्दी ही हिंसक झड़प में बदल गई और मामला इतना बिगड़ गया कि गुस्साए उपद्रवियों ने वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी।
पुलिस और प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की जा रही है ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने इलाके को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में ले लिया है। हालात तनावपूर्ण जरूर हैं, लेकिन नियंत्रण में हैं। हालांकि, किसी भी संभावित अनहोनी से बचने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी।
Read This Also:- झारखंड के दुमका में अंधविश्वास ने ली जान, सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Read This Also:- झारखंड के दुमका में अंधविश्वास ने ली जान, सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज





