प्रधानमंत्री मोदी ने इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन के दौरान भारत की वैश्विक स्थिति और आर्थिक संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि यह पहली बार है जब दुनिया भारत को लेकर इतनी आशावादी है। उन्होंने कहा, "चाहे वह सामान्य नागरिक हों, नीति विशेषज्ञ हों, विभिन्न देश हों या अंतरराष्ट्रीय संस्थान—सभी भारत से अपार उम्मीदें लगाए बैठे हैं।" पीएम मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि हाल के हफ्तों में भारत को लेकर किए गए वैश्विक आकलन हर निवेशक के लिए उत्साहजनक हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ ही दिन पहले वर्ल्ड बैंक ने कहा था कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र की एक संस्था ने जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में भारत की भूमिका को सराहा और भारत को सौर ऊर्जा का सुपरपावर करार दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, "जब दुनिया के कई देश सिर्फ बातें करते हैं, तब भारत परिणाम लाकर दिखाता है।"
इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समिट की सफलता पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समिट न केवल राज्य बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद साबित होगी। इस मेगा इवेंट में देश-विदेश के कई दिग्गज उद्योगपति और कारोबारी शामिल हुए हैं। इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल पॉलिसी और इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन डिपार्टमेंट द्वारा किया जा रहा है, जिसका मकसद निवेश के माहौल को बेहतर बनाना और औद्योगिक ढांचे को मजबूती प्रदान करना है। राज्य सरकार के अनुसार, यह समिट न केवल निवेशकों के लिए एक सुनहरा अवसर है बल्कि ग्लोबल लीडर्स, इंडस्ट्रियलिस्ट और एक्सपर्ट्स को उभरते बाजारों और औद्योगिक ट्रेंड्स को समझने का मंच भी प्रदान करेगा।
Read This Also:- पीएम मोदी ने उमर अब्दुल्ला, श्रेया घोषाल, आनंद महिंद्रा समेत 10 हस्तियों को दिया चैलेंज, क्या है वजह
Read This Also:- पीएम मोदी ने उमर अब्दुल्ला, श्रेया घोषाल, आनंद महिंद्रा समेत 10 हस्तियों को दिया चैलेंज, क्या है वजह





