Molitics Logo
होम पवार परिवार में सियासी एकता की कवायद, शरद और अजित पवार आ सकते हैं साथ

पवार परिवार में सियासी एकता की कवायद, शरद और अजित पवार आ सकते हैं साथ

महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच पवार परिवार के |

पवार परिवार में सियासी एकता की कवायद, शरद और अजित पवार आ सकते हैं साथ
फोटो: पवार परिवार में सियासी एकता की कवायद, शरद और अजित पवार आ सकते हैं साथ
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच पवार परिवार के पुनर्मिलन की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दो गुटों शरद पवार और अजित पवार के बीच फिर से साथ आने की संभावनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। खबर है कि एनसीपी के 26वें स्थापना दिवस के मौके पर दोनों गुट विलय की घोषणा कर सकते हैं। हाल ही में, एनसीपी (अजित पवार) के वरिष्ठ एमएलसी और अजित पवार के करीबी सहयोगी अमोल मिटकरी ने कहा था कि अजित पवार और सुप्रिया सुले 6 जुलाई को आषाढ़ी एकादशी से पहले एक साथ आ सकते हैं। 

यह पहली बार नहीं है जब दोनों गुटों के पुनर्मिलन की अटकलें तेज हुई हैं। इससे पहले, शरद पवार ने एक बयान में कहा था कि पार्टी में दो विचार हैं—एक यह कि हमें अजित पवार गुट के साथ जुड़ जाना चाहिए, जबकि दूसरा यह कि भाजपा के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं होना चाहिए। शरद पवार ने इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार अपनी बेटी सुप्रिया सुले को दिया है। सुप्रिया सुले और अजित पवार, दोनों ने हाल ही में ऐसे संकेत दिए हैं जो इस बात को बल देते हैं कि एनसीपी में एकता की दिशा में बातचीत चल रही है। सुप्रिया सुले ने कहा था कि एनसीपी की स्थापना शरद पवार ने की थी, और पार्टी को मजबूत बनाने में कई नेताओं ने योगदान दिया है। 

वहीं, अजित पवार गुट ने भी कहा है कि अगर शरद पवार गुट की ओर से कोई प्रस्ताव आता है, तो उस पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि दोनों गुट फिलहाल 10 जून को अलग-अलग स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करेंगे। शरद पवार गुट पुणे में सुबह के समय कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को संबोधित करेगा, जबकि अजित पवार गुट अपने स्थापना दिवस का कार्यक्रम उसी शाम पुणे में आयोजित करेगा। विश्लेषकों का मानना है कि एनसीपी के दोनों गुटों के पुनर्मिलन से महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव हो सकता है। मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के साथ संभावित गठबंधन के बीच यह घटनाक्रम राज्य में सियासी समीकरणों को और जटिल बना सकता है।

सियासी हलकों में यह भी चर्चा है कि अगर दोनों गुट एकजुट होते हैं, तो इससे भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की चुनौतियां बढ़ सकती हैं। वहीं, पवार परिवार का फिर से एकजुट होना न केवल एनसीपी के भीतर स्थिरता लाएगा, बल्कि राज्य की राजनीति में भी नई दिशा तय कर सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वाकई दोनों गुटों के बीच कोई समझौता होता है, और अगर होता है, तो यह महाराष्ट्र की राजनीति पर कितना असर डालेगा। इस घटनाक्रम से आने वाले दिनों में कई अहम फैसले और सियासी रणनीतियां तय होंगी।