Molitics Logo
होम दिल्ली में BJP सरकार बनते ही आयुष्मान भारत लागू करने की मांग, विजेंद्र गुप्ता ने LG को लिखा पत्र

दिल्ली में BJP सरकार बनते ही आयुष्मान भारत लागू करने की मांग, विजेंद्र गुप्ता ने LG को लिखा पत्र

बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना को पत्र लिखकर राजधानी में आयुष्मान भारत योजना और हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन |

दिल्ली में BJP सरकार बनते ही आयुष्मान भारत लागू करने की मांग, विजेंद्र गुप्ता ने LG को लिखा पत्र
फोटो: BJP government, Ayushman Bharat
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनने के साथ ही पार्टी के नेता सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में रोहिणी से विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना को पत्र लिखकर राजधानी में आयुष्मान भारत योजना और हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) को लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने से दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और उनकी परेशानियां कम होंगी।

दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की जरूरत – विजेंद्र गुप्ता


अपने पत्र में विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि हाल के दिनों में दिल्ली हाई कोर्ट भी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर सवाल उठा चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना लागू होने से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) के जरिए राजधानी में चिकित्सा व्यवस्था को डिजिटल और प्रभावी बनाया जा सकता है।

AAP सरकार पर लगाए आरोप


बीजेपी विधायक ने आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्ववर्ती सरकार पर केंद्र की योजनाओं को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा, "पिछली सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं को सिर्फ राजनीतिक पूर्वाग्रह के कारण लागू नहीं किया। यह जनता के साथ अन्याय था। भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार की गलत नीतियों की वजह से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।" उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार पूरे देश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन दिल्ली को इन लाभों से वंचित रखा गया। अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोग इन योजनाओं का फायदा उठा रहे हैं, लेकिन दिल्ली में यह अब तक संभव नहीं हो सका।

बीजेपी अब उन योजनाओं को प्राथमिकता देना चाहती है, जिनका सीधा लाभ जनता तक पहुंचे। विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटों पर जीत के बाद पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और वह स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। अगर आयुष्मान भारत और HMIS को जल्द लागू किया जाता है, तो इससे दिल्ली की जनता को बड़ा लाभ मिल सकता है।

Read This Also:- मणिपुर में राष्ट्रपति शासन पर गरमाई सियासत, खड़गे ने BJP को ठहराया जिम्मेदार