Molitics Logo
होम मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ करने की उठी मांग, केशव मौर्य ने दी प्रतिक्रिया

मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ करने की उठी मांग, केशव मौर्य ने दी प्रतिक्रिया

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "हर सदस्य को अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी भी मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है, और जनता की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लिए जाते हैं।" गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की मुहिम लंबे समय से चल रही है।

मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ करने की उठी मांग, केशव मौर्य ने दी प्रतिक्रिया
फोटो: Keshav Maurya
उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, और इसी बीच मुजफ्फरनगर एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। इस बार वजह है जिले का नाम बदलने की मांग। बीजेपी के एमएलसी मोहित बेनीवाल ने विधान परिषद में मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ करने की मांग उठाई है। उन्होंने सत्र के दौरान इस विषय को जोरदार तरीके से रखा, जिस पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रतिक्रिया दी।

केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान


मोहित बेनीवाल की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "हर सदस्य को अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी भी मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है, और जनता की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लिए जाते हैं।" गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की मुहिम लंबे समय से चल रही है। कई संगठन इसे ‘लक्ष्मीनगर’ करने की मांग कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) भी अपने कार्यक्रमों और कार्यवाहियों में मुजफ्फरनगर की बजाय ‘लक्ष्मीनगर’ नाम का ही उपयोग करता है।

बीजेपी एमएलसी की इस मांग पर समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने तंज कसते हुए कहा, "भाजपा वालों का काम सिर्फ नाम बदलना है, कहीं मेरा और तुम्हारा नाम भी न बदल दें।" इसके अलावा, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "सदन में मेरा नाम भी बदल दिया गया है, ये लोग हमेशा 'चाचू-चाचू' की माला जपते रहते हैं।" मोहित बेनीवाल का मानना है कि मुजफ्फरनगर ऐतिहासिक रूप से एक पवित्र स्थान रहा है, इसलिए इसे ‘लक्ष्मीनगर’ नाम दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "हमारे देश की धार्मिक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति सम्मान रखते हुए हमें स्थानों और शहरों के नामों में सत्यता और परंपरा का अनुसरण करना चाहिए। मुजफ्फरनगर को सदियों से आस्था और पवित्रता का प्रतीक माना जाता रहा है, इसलिए इसे लक्ष्मीनगर नाम दिया जाना उचित होगा।"

उत्तर प्रदेश में इससे पहले भी कई शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा चुके हैं, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं: इलाहाबाद → प्रयागराज फैजाबाद → अयोध्या मुगलसराय स्टेशन → पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ करने की मांग भी लंबे समय से उठ रही है।

Read This Also:- दिल्ली पुलिस ने पीतमपुरा से किया नक्सली महिला को गिरफ़्तार, झारखंड में चल रही थी वांटेड