Molitics Logo
होम Delhi: CAG रिपोर्ट पर सियासत गरम, आतिशी ने पुरानी नीति को बताया भ्रष्ट, BJP ने किया पलटवार

Delhi: CAG रिपोर्ट पर सियासत गरम, आतिशी ने पुरानी नीति को बताया भ्रष्ट, BJP ने किया पलटवार

आतिशी ने कहा कि लंबे समय से उत्तर प्रदेश और हरियाणा से शराब की तस्करी कर दिल्ली लाने का खेल चल रहा था और अब कैग की रिपोर्ट ने भी इस सच्चाई पर मुहर लगा दी है।

Delhi: CAG रिपोर्ट पर सियासत गरम, आतिशी ने पुरानी नीति को बताया भ्रष्ट, BJP ने किया पलटवार
फोटो: Atishi called, CAG report, Politics heated
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मंगलवार को कैग (CAG) की रिपोर्ट के बाद रद्द की गई नई शराब नीति का बचाव करते हुए दावा किया कि इस ऑडिट दस्तावेज़ ने पुरानी शराब नीति में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि इस नीति के कारण दिल्ली के लोगों को भारी नुकसान हुआ, क्योंकि पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही थी। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कैग की रिपोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार के "काले कारनामों" को उजागर कर दिया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अपने बचाव में कहा कि उन्होंने हमेशा पुरानी एक्साइज पॉलिसी में हो रहे भ्रष्टाचार को दिल्ली के लोगों के सामने रखा था।

आतिशी ने कहा कि लंबे समय से उत्तर प्रदेश और हरियाणा से शराब की तस्करी कर दिल्ली लाने का खेल चल रहा था और अब कैग की रिपोर्ट ने भी इस सच्चाई पर मुहर लगा दी है। उनके अनुसार, पुरानी एक्साइज नीति में दो स्तरों पर भ्रष्टाचार किया जाता था। पहला, सरकार को हर शराब की बोतल पर मिलने वाला राजस्व ठेकेदारों द्वारा कम दिखाया जाता था। जब सरकार एक्साइज ड्यूटी की गणना करती थी, तो शराब कारोबारी जानबूझकर 28% कम बोतलें दिखाते थे, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान होता था। दूसरा, कैग की रिपोर्ट ने यह भी उजागर किया कि जिन ठेकेदारों के पास लाइसेंस थे, वे अवैध तरीके से शराब की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे थे। इससे सरकार के राजस्व में और भी ज्यादा कमी आई। आतिशी ने सवाल उठाया कि जिन ठेकेदारों को इस तरह के भ्रष्टाचार की छूट मिली हुई थी, वे किन राजनीतिक दलों से जुड़े हुए थे?

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुरानी नीति के कारण उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी हो रही थी और यह सभी जानते हैं कि इन राज्यों में किसकी सरकार थी। इसके विपरीत, कैग की रिपोर्ट बताती है कि आम आदमी पार्टी की नई एक्साइज नीति ज्यादा पारदर्शी थी, जिसमें ब्लैक मार्केटिंग रोकने और सरकारी खजाने की आय बढ़ाने के प्रभावी प्रावधान थे। आतिशी ने उदाहरण देते हुए बताया कि जब यही नीति पंजाब में लागू की गई, तो राज्य के एक्साइज राजस्व में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2021-22 में पंजाब का एक्साइज राजस्व 6,158 करोड़ रुपये था। नई एक्साइज नीति लागू होने के बाद यह बढ़कर 8,841 करोड़ रुपये हो गया। 2025 तक यह आंकड़ा 10,146 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली विधानसभा में आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पेश की गई सीएजी (CAG) रिपोर्ट में खुलासा किया गया कि पिछली सरकार के फैसलों और शराब नीति के कारण राष्ट्रीय राजधानी के खजाने को 2,002 करोड़ रुपये से अधिक का भारी नुकसान हुआ है।

Read This Also:- Delhi Assembly: "बाबासाहेब के सपनों के खिलाफ काम कर रही AAP", BJP विधायक अरविंदर सिंह लवली का आरोप