पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन प्रवासियों को गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस से विशेष फ्लाइट्स के ज़रिये त्रिपुरा के अगरतला ले जाया गया, जहां से उन्हें ज़मीनी रास्ते से बांग्लादेश भेजा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले एक महीने में तीन से चार फ्लाइट्स के ज़रिए यह प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं पिछले छह महीनों में कुल 700 अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजा गया है।
अवैध प्रवासियों को पहले Foreigners' Regional Registration Office (FRRO) को सौंपा गया। इसके बाद उन्हें रेल और सड़क मार्ग से पूर्वी राज्यों में भेजा गया। वहां से सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने उन्हें बांग्लादेशी अधिकारियों को सुपुर्द किया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, राजधानी के सभी 15 जिलों के डीसीपी को सत्यापन और हिरासत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत दिल्ली पुलिस की पहली बटालियन और FRRO अधिकारियों की टीम ने अवैध प्रवासियों को पश्चिम बंगाल पहुंचाया और फिर बसों के जरिये BSF को सौंपा।
केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि सिर्फ अवैध प्रवासियों पर ही नहीं, उनकी मदद करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने कई एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन लोगों ने इन प्रवासियों को फर्जी पहचान पत्र बनवाकर दिल्ली में बसने, नौकरी पाने और आवास लेने में मदद की।





