Molitics Logo
होम बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी को मीर जाफर बताया, विवादित पोस्ट वायरल

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी को मीर जाफर बताया, विवादित पोस्ट वायरल

मालवीय ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने कभी यह जानने की कोशिश नहीं की कि इस संघर्ष में पाकिस्तान के कितने जेट मार गिराए गए या नष्ट किए गए। उन्होंने सवाल |

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी को मीर जाफर बताया, विवादित पोस्ट वायरल
फोटो: बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी को मीर जाफर बताया, विवादित पोस्ट वायरल
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, जिसमें पाकिस्तानी एवं पीओके स्थित आतंकी कैंपों को भारी नुकसान पहुंचाया गया। इस ऑपरेशन की सफलता को लेकर सरकार देश-विदेश में अपनी उपलब्धि का व्यापक प्रचार कर रही है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस पूरे ऑपरेशन के बारे में बार-बार भारत के क्षतिग्रस्त विमान और अन्य नुकसान का हिसाब मांग रहे हैं। इस पर बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कड़ा हमला बोला है।

अमित मालवीय ने कहा, “यह कोई आश्चर्य की बात नहीं कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई देना तो दूर, बार-बार यह सवाल उठा रहे हैं कि हमने कितने एयरक्राफ्ट खो दिए। जबकि इस सवाल का जवाब पहले ही डीजीएमओ की ब्रीफिंग में दे दिया गया है।” 

मालवीय ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने कभी यह जानने की कोशिश नहीं की कि इस संघर्ष में पाकिस्तान के कितने जेट मार गिराए गए या नष्ट किए गए।  उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी को आगे क्या मिलेगा ‘निशान-ए-पाकिस्तान’? अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में मालवीय ने राहुल गांधी की तुलना मीर जाफर से की है। उन्होंने एक तस्वीर भी साझा की जिसमें आधा चेहरा पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर का और आधा राहुल गांधी का नजर आ रहा है। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी नए युग के मीर जाफर हैं, जो देश की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं।


राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी सवाल पूछते हुए कहा था कि विदेश मंत्री की चुप्पी “बहुत कुछ कहती है” और इसे “निंदनीय” करार दिया। उन्होंने पुनः पूछा, “पाकिस्तान को हमले का पता था, फिर हमने कितने एयरक्राफ्ट खो दिए? यह केवल चूक नहीं, बल्कि अपराध है। देश को सच्चाई जानने का हक है।”