विपक्ष पर तंज: 'जो पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे हालात नहीं बदल सकते'
भागलपुर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, "जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे कभी भी हालात नहीं बदल सकते।" पीएम का यह बयान चारा घोटाले की याद दिलाता है, जिसके कारण लालू यादव को सजा हुई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले यूरिया के लिए किसानों को लाठियां खानी पड़ती थीं, कालाबाजारी चरम पर थी। लेकिन आज किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी गई। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि "मैंने लाल किले से कहा है कि विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ हैं – गरीब, किसान, नौजवान और नारी शक्ति।" उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार, चाहे वह केंद्र में हो या बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में, किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
'जंगल राज' और कांग्रेस पर वार
पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस और 'जंगल राज' की सरकारें थीं, तब खेती के लिए जितना बजट रखा गया था, उससे कई गुना ज्यादा राशि आज हमारी सरकार सीधे किसानों के खातों में भेज रही है। उन्होंने कहा कि "अगर बिहार में एनडीए सरकार नहीं होती तो क्या स्थिति होती, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।"
पीएम ने कहा कि अगर एनडीए सरकार नहीं होती तो आज भी किसानों को खाद के लिए लाठियां खानी पड़तीं, बरौनी खाद कारखाना बंद पड़ा रहता, और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि "भ्रष्टाचारियों के लिए किसानों की तकलीफ कोई मायने नहीं रखती।"
अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने बिहार के मखाना उद्योग को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिहार में मखाना बोर्ड बनाने की घोषणा बजट में की गई है। उन्होंने कहा, "मखाना आज देश के शहरों में सुबह के नाश्ते का प्रमुख हिस्सा बन चुका है। मैं भी 365 में से 300 दिन मखाना जरूर खाता हूं, यह एक सुपर फूड है। अब समय आ गया है कि बिहार के मखाना को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाए।" प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि बिहार आज 10,000वें किसान उत्पादक संगठन (FPO) के गठन का साक्षी बना है। उन्होंने कहा कि मक्का, केला और धान पर केंद्रित यह FPO खगड़िया जिले में पंजीकृत हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट में पीएम धन-धान्य योजना की भी घोषणा की गई है, जो कृषि क्षेत्र को और मजबूती देगी।
Read This Also:- RJD विधायक सुनील कुमार सिंह नहीं होंगे बिहार विधान परिषद से निष्कासित, SC ने लगाई रोक, CM नीतीश से जुड़ा है मामला
Read This Also:- RJD विधायक सुनील कुमार सिंह नहीं होंगे बिहार विधान परिषद से निष्कासित, SC ने लगाई रोक, CM नीतीश से जुड़ा है मामला





