तेजस्वी यादव ने अंबेडकर जयंती पर भी बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया।
"जिन लोगों ने कभी अंबेडकर का विरोध किया, जो गोलवलकर और गोडसे की विचारधारा पर चलते हैं, वे आज मजबूरी में अंबेडकर जयंती मना रहे हैं," तेजस्वी ने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी, आरएसएस और एनडीए के अन्य घटक दल बाबा साहब की विचारधारा के खिलाफ काम कर रहे हैं।
आरक्षण के मुद्दे पर तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जानबूझकर 65% आरक्षण को शेड्यूल 9 में शामिल नहीं होने दिया।
"हमने मांग की थी कि महागठबंधन सरकार द्वारा लाया गया 65% आरक्षण संविधान की नौंवी अनुसूची में डाला जाए। लेकिन बीजेपी सरकार ने कोर्ट में जाकर इस फैसले में अड़ंगा डाला," उन्होंने कहा।
तेजस्वी ने अमित शाह के संसद में दिए गए बयान को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि उनके बयान से उनकी "वास्तविक सोच" सामने आ गई।
गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में गुरुग्राम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि बिहार का आगामी चुनाव सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और उनकी अगुवाई में जीत भी हासिल होगी। इस दौरान सम्राट चौधरी भी उनके साथ मंच पर मौजूद थे।





