Molitics Logo
होम Bihar Polls: बीजेपी अध्यक्ष का दावा – ‘नीतीश की स्पीड हैरान करने वाली, विकास चरम पर’

Bihar Polls: बीजेपी अध्यक्ष का दावा – ‘नीतीश की स्पीड हैरान करने वाली, विकास चरम पर’

इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और कहा कि उनमें अब ‘दैवीय शक्ति’ आ गई है।

Bihar Polls: बीजेपी अध्यक्ष का दावा – ‘नीतीश की स्पीड हैरान करने वाली, विकास चरम पर’
फोटो: bihar assembly election
बिहार विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में एनडीए गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और कहा कि उनमें अब ‘दैवीय शक्ति’ आ गई है। उन्होंने दावा किया कि जिस रफ्तार से नीतीश कुमार बिहार का विकास कर रहे हैं, वैसी कार्यक्षमता उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।

नीतीश कुमार की 'प्रगति यात्रा' बनी चर्चा का विषय


प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिलीप जायसवाल के साथ जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी और लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी मौजूद थे। सभी नेताओं ने एक सुर में नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए आगामी चुनाव में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "मैं प्रगति की इस रफ्तार से अचंभित हूं। यह कोई सामान्य बात नहीं है। मुख्यमंत्री के अंदर जैसे कोई दैवीय शक्ति प्रवेश कर गई है, जिससे वह बिहार को विकास के चरम पर ले जाने के मिशन में जुटे हुए हैं। उनकी 'प्रगति यात्रा' के दौरान की गई घोषणाओं पर तुरंत अमल हो रहा है। यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि घोषणा के महज डेढ़ से दो घंटे बाद ही संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री का फोन आता है और वह निर्देश देते हैं कि इस कार्य को तत्काल पूरा किया जाए।"

‘2025 में 225’ का नया नारा


एनडीए नेताओं ने इस दौरान एक नया नारा दिया— ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हाल ही में हुए एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बिहार की जनता फिर से एनडीए को सत्ता सौंपने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "यह नारा अब बिहार के हर गांव में गूंज रहा है। जनता नीतीश कुमार के विकास कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है।" हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने भी मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार जनता की उम्मीदों से बढ़कर काम कर रही है।

लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 19 वर्षों में समाज के हर वर्ग का उत्थान किया है। उनके कार्यकाल में बिहार ने विकास के कई नए आयाम हासिल किए हैं। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी ने भी ‘2025 में 225’ के नारे को दोहराया और कहा कि मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान जो भी घोषणाएं की गई हैं, वे तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा, "यह एनडीए के सुशासन का प्रमाण है, जिसे बिहार की जनता एक बार फिर सत्ता में देखना चाहती है।"

Read This Also:- Bihar Polls: तेज प्रताप ने निशांत कुमार को दिया ऑफर, कहा – RJD में करें राजनीति की शुरुआत