Molitics Logo
होम नेता विपक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे बाबूलाल मरांडी, झारखंड भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी किसे मिलेगी?

नेता विपक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे बाबूलाल मरांडी, झारखंड भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी किसे मिलेगी?

मीडिया से बातचीत के दौरान सोरेन ने कहा, हमें खुशी है कि सदन में विपक्ष के नेता कल (शुक्रवार) से अपनी भूमिका निभाएंगे। यह लोकतंत्र की एक अहम प्रक्रिया है।

नेता विपक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे बाबूलाल मरांडी, झारखंड भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी किसे मिलेगी?
फोटो: Babulal Marandi
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिससे उनके सदन में नेता प्रतिपक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। गुरुवार को रांची के हरमू रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई विधायकों की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव और के. लक्ष्मण भी मौजूद थे। मरांडी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई दी। मीडिया से बातचीत के दौरान सोरेन ने कहा, "हमें खुशी है कि सदन में विपक्ष के नेता कल (शुक्रवार) से अपनी भूमिका निभाएंगे। यह लोकतंत्र की एक अहम प्रक्रिया है।"

भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज


भाजपा की "एक व्यक्ति, एक पद" नीति को देखते हुए अब झारखंड भाजपा अध्यक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी के उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र कुमार रे और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी इस पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। भाजपा नेतृत्व इस बार संगठन से जुड़े किसी अनुभवी व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है, ताकि पार्टी आदिवासी समुदाय के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ा सके।

मरांडी बोले- गरीबों, दलितों और युवाओं की आवाज़ बनूंगा


झारखंड के पहले मुख्यमंत्री रहे बाबूलाल मरांडी ने अपने चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "झारखंड में 41% आबादी गरीब है, जो देश में सबसे अधिक है। मैं गरीबों, दलितों, आदिवासियों और युवाओं की आवाज़ बनूंगा और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाऊंगा।" उन्होंने अपनी नियुक्ति में हुई देरी पर कहा कि "इस तरह की प्रक्रियाओं में समय लगता है, इसमें कोई और कारण नहीं है।" बाबूलाल मरांडी ने 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव में धनवार निर्वाचन क्षेत्र से 35,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनके भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही पिछले साढ़े तीन महीनों से चला आ रहा सस्पेंस भी खत्म हो गया है। 

Read This Also:- झारखंड में NTPC के DGM की हत्या, कोयला माफिया पर शक, पुलिस जांच में जुटी