Molitics Logo
होम बेटी के दोस्त से नाराज पिता ने केंद्रीय मंत्री से की ₹50 लाख की फिरौती की माँग

बेटी के दोस्त से नाराज पिता ने केंद्रीय मंत्री से की ₹50 लाख की फिरौती की माँग

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को बताया कि उन्हें फिरौती की धमकी मिली है और उन्होंने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस और झारखंड पुलिस प्रमुख को दे दी है।

बेटी के दोस्त से नाराज पिता ने केंद्रीय मंत्री से की ₹50 लाख की फिरौती की माँग
फोटो: बेटी के दोस्त से नाराज पिता ने केंद्रीय मंत्री से की ₹50 लाख की फिरौती की माँग
आमतौर पर ठगी का शिकार आम और कम पढ़े-लिखे लोग होते हैं, लेकिन क्या आप मानेंगे कि एक केंद्रीय मंत्री से भी लाखों रुपये की ठगी की कोशिश हुई? यह सच है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को बताया कि उन्हें फिरौती की धमकी मिली है और उन्होंने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस और झारखंड पुलिस प्रमुख को दे दी है। इस मामले में पुलिस ने 46 वर्षीय मुजाउद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 46 वर्षीय मुजाउद्दीन अंसारी को रांची के निकट से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी को अपनी बेटी की एक युवक से दोस्ती पसंद नहीं थी, इसलिए उसने उस युवक को फँसाने के लिए केंद्रीय मंत्री को रंगदारी का मैसेज भेजा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के सरकारी मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से ₹50 लाख की रंगदारी की मांग की गई और भुगतान न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शुक्रवार दोपहर लगभग 4 बजे उनके मोबाइल पर कई धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

संजय सेठ ने बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से संदेश के माध्यम से ₹50 लाख की फिरौती की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। रांची से लोकसभा सांसद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैंने इस मामले की सूचना शुक्रवार को दिल्ली पुलिस और झारखंड के डीजीपी को दे दी है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें एक डीसीपी भी शामिल थे, मुझसे मिले और मैंने उन्हें विस्तृत जानकारी दी।'

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे धमकी से विचलित नहीं हैं। रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा, 'मुझे आज सुबह जानकारी मिली कि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को धमकी भरा संदेश भेजा गया है और ₹50 लाख की फिरौती की मांग की गई है। प्रशासन को इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए इन अपराधी तत्वों का पर्दाफाश करना चाहिए।' उन्होंने राज्य सरकार से मामले की त्वरित जांच और केंद्रीय मंत्री को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सिन्हा ने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस मामले पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। मंत्रालय को अपनी सभी एजेंसियों को सक्रिय कर यह पता लगाना चाहिए कि इस घटना के पीछे कौन है।'