151 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले
रिपोर्ट के मुताबिक, 151 यानी 17 फीसदी उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए है। वहीं 13 उम्मीदवारों ने बताया है कि उन्हें किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 27 प्रत्याशियों पर आईपीसी की धारा 307 यानी हत्या की कोशिश और चार प्रत्याशियों पर धारा 302 यानी हत्या के मामले में केस दर्ज है। 13 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, भड़काऊ भाषण से जुड़े मामले घोषित करने वाले कुल 25 उम्मीदवार हैं।
किस पार्टी पर कितने आपराधिक मामले
रिपोर्ट के अनुसार सातवें चरण में बीजेपी के 51 में से 18 यानी 35 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। कांग्रेस के 31 में से सात यानी 33 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। आम आदमी पार्टी के 13 में से चार, समाजवादी पार्टी के 9 उम्मीदवारों में से 6 पर आपराधिक मामले दर्ज़ है। वहीं बीजू जनता दल के 13 में से 4, शिरोमणि अकाली दल के 13 में से चार और तृणमूल कांग्रेस के छह में से दो, सीपीआई (एम) आठ में से चार उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज़ है।
कौन कितना अमीर
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार सातवें चरण में 904 में से 229 यानी 33 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। जिसमें बीजेपी के 51 में से 44 यानी 86 फीसदी और कांग्रेस के 31 में से 30 यानी 92 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति है। वहीं समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और शिरोमणि अकाली दल के सभी उम्मीदवार करोड़पति है। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.27 करोड़ रुपये है।
पंजाब के बठिंडा लोकसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल 198 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार है। दूसरे स्थान पर ओडिशा के केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के बैजयंत पांडा के पास 148 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। तीसरे स्थान पर चंडीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के संजय टंडन के पास 111 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। सातवें चरण में सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार ओडिशा के जगतसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र से उत्कल समाज पार्टी के उम्मीदवार भानुमति दास हैं, जिनके पास मात्र 1,500 रुपए की कुल संपत्ति है।
कितने उम्मीदवार शिक्षित
रिपोर्ट के अनुसार सातवें चरण में 26 उम्मीदवार साक्षर हैं, जबकि पांच उम्मीदवार निरक्षर हैं, 5वीं से 12वीं के बीच शैक्षिक योग्यता वाले 402 प्रत्याशी और स्नातक या उससे ज्यादा योग्यता वाले 430 उम्मीदवार है। लोकसभा चुनाव के लिए आखिरी चरण में 1 जून को मतदान होगा।





