उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुछ मुख्यमंत्री ऐसे रहे, जिनका सत्ता तक पहुंचने का सफर लंबे चुनावी अभियान से नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर बने राजनीतिक समीकरणों से तय हुआ। राम प्रकाश गुप्ता भी ऐसे ही नेताओं में शामिल थे। नवंबर 1999 में बीजेपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। वह उस समय राज्य योजना मंडल के उपाध्यक्ष थे और सक्रिय चुनावी राजनीति की सुर्खियों से काफी दूर थे। इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें कल्याण सिंह के बाद मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी।
गुप्ता का मुख्यमंत्री कार्यकाल एक साल भी पूरा नहीं कर पाया। अक्टूबर 2000 में पार्टी ने उन्हें हटाकर राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश की कमान सौंप दी। दिलचस्प बात यह थी कि राजनाथ सिंह और राम प्रकाश गुप्ता का राजनीतिक संबंध कई साल पुरानी एक घटना से जुड़ा था। इमरजेंसी के दौरान जेल में दोनों की मुलाकात हुई थी और गुप्ता ने राजनाथ सिंह की हथेली देखकर एक दिन उनके मुख्यमंत्री बनने की बात कही थी। बाद में वही बात राजनीतिक हकीकत में बदल गई।
कल्याण सिंह के बाद बीजेपी के सामने चुनौती
राम प्रकाश गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाए जाने की पृष्ठभूमि में बीजेपी के भीतर बढ़ती खींचतान थी। 1998 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 85 सीटों में से बीजेपी ने 57 सीटें जीती थीं, लेकिन एक साल बाद यह संख्या घटकर 29 रह गई। उस समय मुख्यमंत्री कल्याण सिंह थे। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता उनके कामकाज से नाराज थे और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो चुकी थी।
बीजेपी के सामने चुनौती यह थी कि कल्याण सिंह को हटाने के बाद ऐसा चेहरा चुना जाए, जो पार्टी के अलग-अलग गुटों को स्वीकार्य हो। कलराज मिश्र, लालजी टंडन और राजनाथ सिंह जैसे नाम चर्चा में थे, लेकिन अंततः राम प्रकाश गुप्ता का नाम सामने आया। 12 नवंबर 1999 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उस समय वह सक्रिय चुनावी राजनीति के केंद्र में नहीं थे, लेकिन संगठन और प्रशासन का लंबा अनुभव उनके पक्ष में था।
संगठन से सरकार तक लंबा राजनीतिक सफर
राम प्रकाश गुप्ता की राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन और आरएसएस से जुड़ाव के साथ हुई। 1946 से उन्होंने इलाहाबाद में प्रचारक के रूप में काम किया। बाद में भारतीय जनसंघ से जुड़े और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में संगठन का काम संभाला। 1960 में वह नगर महापालिका में जनसंघ के नेता बने और इसके बाद विधान परिषद तक पहुंचे। 1967 में संयुक्त विधायक दल की सरकार में वह उपमुख्यमंत्री बने और शिक्षा तथा समाज कल्याण जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
इमरजेंसी के दौरान गुप्ता जेल भी गए। 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर लखनऊ मध्य से विधानसभा चुनाव जीता और सरकार में उद्योग से जुड़े विभाग संभाले। 1980 में बीजेपी बनने के बाद उनका सार्वजनिक राजनीतिक प्रभाव कुछ समय के लिए कम हुआ, लेकिन वह पार्टी से जुड़े रहे। 1993 में उन्होंने दोबारा विधानसभा चुनाव जीता और 1998 में राज्य योजना मंडल के उपाध्यक्ष बने।
मुख्यमंत्री बने, लेकिन गुटबाजी से नहीं निकल सके
मुख्यमंत्री बनने के बाद गुप्ता के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रशासन से ज्यादा पार्टी के भीतर के समीकरण थे। शुरुआत में उनकी सहज कार्यशैली की चर्चा हुई, लेकिन जल्द ही सरकार के फैसलों और अधिकारियों के तबादलों को लेकर सवाल उठने लगे। विधानसभा में उनके कामकाज और उम्र को लेकर विपक्ष ने भी निशाना साधा। उन्हें लेकर भूलने और मंत्रियों के नाम याद न रखने की चर्चाएं राजनीतिक विवाद का हिस्सा बन गईं।
मार्च 2000 में उनकी सरकार ने जाट समुदाय को उत्तर प्रदेश की अन्य पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल किया। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण फैसला था, लेकिन सरकार के भीतर असंतोष खत्म नहीं हुआ। कई विधायकों और मंत्रियों ने नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाई। इसी दौरान बीजेपी के भीतर राजनाथ सिंह को संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर आगे बढ़ाया जाने लगा। आखिरकार अक्टूबर 2000 में राम प्रकाश गुप्ता को पद छोड़ना पड़ा और 28 अक्टूबर को राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह इमरजेंसी की जेल में हुई वह पुरानी मुलाकात एक राजनीतिक मोड़ पर आकर पूरी हुई, जब गुप्ता के बाद उसी कुर्सी पर राजनाथ सिंह बैठे, जिनके भविष्य की भविष्यवाणी कभी गुप्ता ने की थी।
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद गुप्ता को 2003 में मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया। 1 मई 2004 को दिल्ली के एम्स में उनका निधन हो गया। उनकी राजनीतिक विरासत को केवल उनके छोटे मुख्यमंत्री कार्यकाल से नहीं, बल्कि जनसंघ से लेकर बीजेपी तक संगठन निर्माण, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीति में निभाई भूमिका के संदर्भ में देखा जाता है।
इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/yWa6q_JMvoQ?si=QCW73u5K5LiRax0c





