Molitics Logo
होम राष्ट्रीय यूपी में 2027 से पहले BJP के अंदर घमासान: योगी आदित्यनाथ का चेहरा क्यों नहीं बताना चाहती पार्टी?
राष्ट्रीय • उत्तर प्रदेश

यूपी में 2027 से पहले BJP के अंदर घमासान: योगी आदित्यनाथ का चेहरा क्यों नहीं बताना चाहती पार्टी?

केशव मौर्य का ‘कमल का फूल’ वाला बयान, पंकज चौधरी की ताजपोशी और योगी के SIR पर सवाल—क्या BJP 2027 के चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदलने का माहौल बना रही है, या यह नाराज़ वोटरों को साधने की रणनीति है?

यूपी में 2027 से पहले BJP के अंदर घमासान: योगी आदित्यनाथ का चेहरा क्यों नहीं बताना चाहती पार्टी?
फोटो: Uttar Pradesh Politics, Yogi Adityanath, Keshav Prasad Maurya, BJP 2027 Elections, UP Assembly Election

 

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन सियासी सरगर्मी अभी से तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी के अंदर भी सब कुछ ठीक नहीं दिख रहा। फर्क सिर्फ इतना है कि विपक्षी गठबंधन की चर्चा खुलकर हो रही है, लेकिन BJP के भीतर चल रही खींचतान पर उतनी बात नहीं हो रही।

24 नवंबर को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और BJP नेता केशव प्रसाद मौर्य जालौन के उरई पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि 2027 के चुनाव में BJP का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? केशव मौर्य का जवाब था, “कमल का फूल।” यानी पार्टी किसी नेता का नाम सामने रखने के बजाय कमल के निशान पर चुनाव लड़ने की बात कर रही है।

इसी दौरान उन्होंने 2017 जैसी ऐतिहासिक जीत और बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें जीतने का दावा भी किया। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना भी साधा। लेकिन जब मुख्यमंत्री के चेहरे का सवाल आया तो उन्होंने कोई नाम नहीं लिया। सवाल है कि जिस मुख्यमंत्री को लगभग दस साल हो चुके हैं, उसके चेहरे पर पार्टी इतनी असहज क्यों दिखाई दे रही है?

2024 की हार के बाद सामने आई BJP की अंदरूनी खींचतान

2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में BJP की सीटें 62 से घटकर 33 रह गईं। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन ने 43 सीटें जीत लीं। इस नतीजे के बाद BJP के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा।

14 जुलाई 2024 को लखनऊ में BJP की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। इसमें लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा होनी थी। तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में योगी आदित्यनाथ को उनके ही मंत्रिमंडल के कुछ नेताओं की आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके तीन दिन बाद, 17 जुलाई को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा, “संगठन हमेशा सरकार से बड़ा होता है।” पोस्ट में किसी का नाम नहीं था, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए संदेश के तौर पर देखा गया।

इसके बाद खबरें आईं कि केशव मौर्य और दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्यमंत्री की कुछ बैठकों में शामिल नहीं हुए। केशव मौर्य ने जेपी नड्डा से मुलाकात की। 27 जुलाई को BJP के शीर्ष नेतृत्व ने दिल्ली में योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री समेत उत्तर प्रदेश के बड़े नेताओं को बुलाया।

इसी दौरान RSS और उत्तर प्रदेश सरकार के नेताओं की प्रस्तावित बैठक भी अचानक टल गई। इन घटनाओं ने मुख्यमंत्री और पार्टी संगठन के बीच मतभेद की चर्चाओं को और हवा दी। हालांकि अगस्त 2024 में केशव मौर्य ने खुद योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्हें देश का सबसे अच्छा मुख्यमंत्री बताया और मतभेद की खबरों को बेबुनियाद कहा। लेकिन अगर सब कुछ सामान्य था, तो बार-बार सफाई देने की जरूरत क्यों पड़ रही थी?

क्या योगी की लोकप्रियता ही उनके लिए चुनौती बन गई है?

राजनीतिक गलियारों में योगी आदित्यनाथ को कमजोर करने की एक वजह उनकी फायरब्रांड हिंदुत्व नेता की छवि बताई जाती है। योगी को BJP के हिंदुत्व का बड़ा चेहरा माना जाता है। उनकी लोकप्रियता कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि के समानांतर दिखाई देती है। ऐसे में यह चर्चा होती रही है कि क्या उनकी बढ़ती राजनीतिक हैसियत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए चुनौती बन सकती है।

BJP में पिछले कुछ वर्षों के घटनाक्रम देखें तो कई राज्यों में मजबूत क्षेत्रीय नेताओं को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाकर नए चेहरों को आगे किया गया। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में BJP की जीत में लाड़ली बहना योजना की भी बड़ी भूमिका बताई गई, लेकिन सरकार बनने पर मुख्यमंत्री की कुर्सी मोहन यादव को दे दी गई। शिवराज को बाद में केंद्र में कृषि मंत्री बनाया गया।

राजस्थान में दो बार मुख्यमंत्री रह चुकीं वसुंधरा राजे के बजाय पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया। हरियाणा में करीब दस साल मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्टर को मार्च 2024 में हटाकर नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी दे दी गई।

इन उदाहरणों से यह सवाल उठता है कि क्या उत्तर प्रदेश में भी ऐसा कुछ हो सकता है? क्या योगी आदित्यनाथ को चुनाव से पहले कमजोर करके किसी दूसरे चेहरे को आगे किया जा सकता है? फिलहाल यह राजनीतिक अटकल है, लेकिन पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम इसे चर्चा का विषय जरूर बनाते हैं।

SIR पर योगी के सवाल और चुनाव आयोग पर निशाना

इस पूरे विवाद का एक दिलचस्प पहलू विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर योगी आदित्यनाथ का रुख है। जहां BJP का केंद्रीय नेतृत्व चुनाव आयोग की प्रक्रिया का बचाव करता रहा है, वहीं योगी ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी होने की बात कही।

दिसंबर 2025 में योगी ने कहा था कि जनवरी 2025 की मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ 44 लाख नाम थे। इसके बाद 18 साल की उम्र पूरी करने वाले नए मतदाताओं के नाम भी जुड़ने थे, इसलिए मतदाताओं की संख्या बढ़नी चाहिए थी। लेकिन उनके मुताबिक, संख्या घटकर करीब 12 करोड़ रह गई। उन्होंने यह भी कहा कि हटाए गए नामों में 85 से 90 फीसदी BJP के अपने मतदाता हो सकते हैं।

अक्टूबर 2026 में अंतिम सूची आने के बाद भी योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। उनके इस बयान पर सवाल भी उठे और उनसे सबूत मांगे गए।

योगी के इन बयानों के दो राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। पहला, उन्हें वास्तव में लगता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी हुई है। दूसरा, यह भी संभव है कि वह चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर केंद्रीय नेतृत्व को संदेश दे रहे हों। क्योंकि चुनाव आयोग के बचाव में केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह का रुख लगातार सामने आता रहा है। ऐसे में योगी का SIR पर सवाल उठाना सिर्फ चुनाव आयोग पर सवाल नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर भी एक राजनीतिक संदेश माना जा सकता है।

कानून-व्यवस्था के दावे और जमीन पर सवाल

लेकिन इस कहानी का दूसरा पहलू भी है। योगी आदित्यनाथ करीब दस साल से उत्तर प्रदेश की सत्ता में हैं। उनकी सरकार की सबसे बड़ी पहचान कानून-व्यवस्था को बताया जाता है। सरकार और BJP के नेता लगातार दावा करते हैं कि अपराधियों पर सख्ती हुई है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। लेकिन अपराध से जुड़े आंकड़े इस दावे की एक अलग तस्वीर दिखाते हैं।

NCRB के आंकड़ों के मुताबिक, दहेज हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर रहा है। राज्य में दहेज हत्या की दर 1.8 है, जबकि राष्ट्रीय औसत 0.8 है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के लाखों मामले अदालतों में लंबित हैं। अनुसूचित जातियों के खिलाफ अपराध के मामलों में भी उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर रहा। 2024 के आंकड़ों में ऐसे 14,642 मामले दर्ज किए गए।

जेलों के भीतर की स्थिति भी सवाल खड़े करती है। सामने आई RTI जानकारी के मुताबिक, एक साल में उत्तर प्रदेश की जेलों में 438 मौतें और 19 आत्महत्याएं हुईं। हिरासत में बलात्कार के मामलों में भी 2017 के बाद दर्ज 275 मामलों में से 92 उत्तर प्रदेश के थे।

इन आंकड़ों के बीच दलितों और पिछड़े वर्गों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। अंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने की घटनाएं हों या बुलडोजर कार्रवाई, सरकार पर आरोप लगते रहे हैं कि कमजोर तबकों के खिलाफ कार्रवाई ज्यादा सख्ती से होती है।

लखनऊ के पूर्व बर्खास्त पुलिसकर्मी आलोक प्रताप सिंह का मामला भी इसी बहस में उठाया जा रहा है। उन पर सोना लूटने के मामले में FIR दर्ज हुई थी और वह जेल भी जा चुके थे। दिसंबर 2025 में STF ने उन्हें कोडीन कफ सिरप तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया। जांच और चार्जशीट में इस नेटवर्क से करीब 900 करोड़ रुपये के कथित कारोबार का आरोप सामने आया। सवाल यह है कि कानून-व्यवस्था के नाम पर जिन लोगों के घरों पर बुलडोजर चलता है, क्या कार्रवाई का वही पैमाना रसूखदार लोगों पर भी लागू होता है?

क्या योगी को हटाने की चर्चा वोटरों को रोकने की रणनीति है?

यहीं से BJP की चुनावी रणनीति का एक दूसरा पहलू सामने आता है। उत्तर प्रदेश में BJP का पिछड़ा वर्ग का एक हिस्सा पार्टी से नाराज बताया जाता है। दलितों और पिछड़ों के बीच भी सरकार को लेकर असंतोष के सवाल उठते रहे हैं। अगर इन मतदाताओं की नाराजगी योगी सरकार के कामकाज, कानून-व्यवस्था या ठाकुरवाद के आरोपों से जुड़ी है, तो पार्टी के सामने मुश्किल है कि वह इस गुस्से को कैसे कम करे।

एक संभावित रणनीति यह हो सकती है कि मतदाताओं के बीच यह संदेश जाने दिया जाए कि योगी आदित्यनाथ अगली बार मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होंगे। इससे नाराज मतदाता सोच सकता है कि सरकार का चेहरा बदलने वाला है, तो एक बार फिर BJP को मौका दिया जा सकता है। यानी सरकार की नाकामियों का गुस्सा मुख्यमंत्री के चेहरे पर डाल दिया जाए, जबकि पार्टी, उसकी मशीनरी और नीतियां वही रहें।

इस अटकल को बल देने वाले कुछ संकेत भी दिखाई देते हैं। पहला, पंकज चौधरी का उत्तर प्रदेश BJP अध्यक्ष बनना। कुछ राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे राज्य में सत्ता का दूसरा केंद्र तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा है। पंकज चौधरी OBC समुदाय से आते हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति के जरिए BJP पिछड़े वर्ग के मतदाताओं तक दोबारा पहुंचने की कोशिश कर सकती है।

दूसरा संकेत है पंकज चौधरी का चुनाव में सामूहिक नेतृत्व की बात करना। और तीसरा है केशव प्रसाद मौर्य का मुख्यमंत्री के चेहरे पर पूछे गए सवाल के जवाब में ‘कमल का फूल’ कहना। इन बयानों को अलग-अलग देखें तो ये सामान्य राजनीतिक बातें लग सकती हैं, लेकिन एक साथ देखने पर इनसे यह सवाल उठता है कि क्या BJP 2027 के चुनाव में योगी के बजाय पार्टी और संगठन को आगे रखने की तैयारी कर रही है?

फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला हो चुका है। लेकिन यह साफ है कि 2024 के बाद से BJP के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर खींचतान की खबरें लगातार आती रही हैं। अब 2027 के चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे पर खुलकर जवाब न देना भी अपने आप में राजनीतिक संकेत बन गया है।

सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। बड़ा सवाल यह है कि क्या BJP उत्तर प्रदेश में अपने मौजूदा मुख्यमंत्री के कामकाज की जिम्मेदारी लेने से बचना चाहती है? क्या नाराज वोटरों को यह भरोसा दिलाया जाएगा कि इस बार चेहरा बदल जाएगा, इसलिए पार्टी को एक और मौका मिलना चाहिए? और क्या ‘कमल का फूल’ वाला जवाब इसी रणनीति का हिस्सा है? 2027 का चुनाव इन सवालों के जवाब जरूर सामने लाएगा।

इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/7XTN6kHP7Ig?si=MLh7Zo2DjCAdpfiM

Video