Molitics Logo
होम राष्ट्रीय हंगामे के बीच संसद में पेश हुई वक्फ बिल पर JPC रिपोर्ट, सेलेक्ट कमेटी को भेजा गया नया इनकम टैक्स बिल
राष्ट्रीय

हंगामे के बीच संसद में पेश हुई वक्फ बिल पर JPC रिपोर्ट, सेलेक्ट कमेटी को भेजा गया नया इनकम टैक्स बिल

विपक्ष के विरोध और हंगामे के बीच पेश किए गए इस विधेयक को समीक्षा के लिए सेलेक्ट कमेटी को भेज दिया गया है। वित्त मंत्री ने खुद यह प्रस्ताव रखा कि स्पीकर एक |

हंगामे के बीच संसद में पेश हुई वक्फ बिल पर JPC रिपोर्ट,  सेलेक्ट कमेटी को भेजा गया नया इनकम टैक्स बिल
फोटो: Waqf bill, new income tax
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में नया आयकर विधेयक 2025 पेश कर दिया है। विपक्ष के विरोध और हंगामे के बीच पेश किए गए इस विधेयक को समीक्षा के लिए सेलेक्ट कमेटी को भेज दिया गया है। वित्त मंत्री ने खुद यह प्रस्ताव रखा कि स्पीकर एक सेलेक्ट कमेटी गठित करेंगे, जो इस विधेयक की विस्तार से जांच करेगी। सेलेक्ट कमेटी को निर्देश दिया गया है कि वह अपनी रिपोर्ट अगले सत्र के पहले दिन संसद में प्रस्तुत करे।  

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विधेयक को प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें 4,000 से अधिक संशोधन किए गए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने मनीष तिवारी और प्रोफेसर सौगत रॉय द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब भी दिया।

लोकसभा में  पेश हुई वक्फ बिल पर जेपीसी रिपोर्ट


लोकसभा में वक्फ विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट पेश कर दी गई है। जगदंबिका पाल ने इसे भारत माता की जय के नारों के बीच सदन में प्रस्तुत किया। इस दौरान, विपक्ष ने डिसेंट नोट्स (असहमति के नोट्स) हटाने का आरोप लगाया, जिस पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आप जो भी जोड़ना चाहते हैं, जोड़िए। हमारी पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है।" स्पीकर ओम बिरला ने भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर कुछ सदस्य उनसे मिले थे और उनके डिसेंट नोट्स को एनेक्सर में शामिल कर लिया गया है। बावजूद इसके, विपक्षी सांसद वेल में आकर नारेबाजी करते रहे।

लोकसभा की कार्यवाही 10 मार्च तक के लिए स्थगित


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा में कुल 173 सांसदों ने अपनी बात रखी, जबकि केंद्रीय बजट 2025-26 पर चर्चा के दौरान 170 सदस्यों ने भाग लिया। स्पीकर ने चर्चा के दौरान सांसदों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और इसे लोकतंत्र की सशक्त अभिव्यक्ति बताया। इसके बाद, उन्होंने सदन की कार्यवाही 10 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की।

Read This Also:- Maharashtra: डिनर डिप्लोमैसी का बड़ा असर, उद्धव ठाकरे की शिवसेना में टूट की अटकलें तेज