एक्स पर अपनी बात रखते हुए खुर्शीद ने लिखा,
"जब मैं आतंकवाद के खिलाफ भारत का संदेश दुनिया तक पहुंचाने के मिशन पर हूं, तो यह दुखद है कि हमारे देश में लोग राजनीतिक निष्ठाओं की गणना कर रहे हैं। क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है?"
हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका यह बयान कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा शशि थरूर की आलोचना और फिर जयराम रमेश के बयान के संदर्भ में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि जयराम रमेश ने कुछ दिन पहले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की यात्राओं पर तंज कसते हुए कहा था, “आतंकवादी घूम रहे हैं और सांसद भी घूम रहे हैं।” इस टिप्पणी की बीजेपी ने तीखी आलोचना करते हुए इसे “घृणास्पद” करार दिया था।
इंडोनेशिया दौरे के दौरान सलमान खुर्शीद ने अनुच्छेद 370 को लेकर भी बड़ा बयान दिया था । उन्होंने कहा था, "कश्मीर को लेकर लंबे समय से यह धारणा रही कि वह भारत से अलग है। यह धारणाएं अनुच्छेद 370 के चलते बनीं। लेकिन जब इसे निरस्त किया गया, तो वह भ्रम समाप्त हुआ।"
इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस से खुर्शीद और मोहन कुमार, बीजेपी से बृजलाल, अपराजिता सारंगी, प्रदान बरुआ, हेमांग जोशी, तृणमूल कांग्रेस से अभिषेक बनर्जी और CPI(M) से जॉन ब्रिटास शामिल हैं।





