Molitics Logo
होम राष्ट्रीय ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत की चेतावनी: नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें
राष्ट्रीय

ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत की चेतावनी: नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें

भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा है, “वर्तमान क्षेत्रीय परिस्थितियों को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्क रहें और इजरायली अधिकारियों |

ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत की चेतावनी: नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें
फोटो: ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत की चेतावनी: नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें
ईरान और इजरायल के बीच तेज़ी से बिगड़ते सैन्य हालात को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए सतर्कता बरतने की एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा है, “वर्तमान क्षेत्रीय परिस्थितियों को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक अत्यधिक सतर्क रहें और इजरायली अधिकारियों तथा ‘होम फ्रंट कमांड’ द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।” दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नजदीकी सुरक्षा शेल्टरों के पास रहें और आपात स्थिति में तुरंत दूतावास से संपर्क करें। यह एडवाइजरी उस वक्त आई है जब इजरायल ने ईरान के खिलाफ एक बड़े सैन्य अभियान की शुरुआत की है।

 


गुरुवार देर रात इजरायली वायुसेना ने ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ शुरू किया, जिसे इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने “पूर्व-खतरे की प्रतिक्रिया” बताया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी इन हमलों की पुष्टि की है, हालांकि क्षति का आकलन अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। 


प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बयान में कहा, “हमने ईरान के प्रमुख परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाया है, जो परमाणु हथियार बनाने के प्रयास में शामिल थे। साथ ही, उनके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के केंद्र पर भी सटीक हमले किए गए हैं।” इस सैन्य अभियान को ‘Strength of a Lion’ नाम दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक कि ईरान से उत्पन्न खतरे को पूरी तरह से समाप्त नहीं कर दिया जाता।

तेहरान और तेल अवीव के बीच बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि सरकार भारत के नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी और लगातार स्थानीय दूतावास के संपर्क में है।