पेशी का मामला
तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी शुक्रवार को गिरिश पार्क थाने में पुलिसकर्मियों को धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के आरोपों से जुड़े मामले में पेश हुए। वह दोपहर लगभग 12 बजे थाने पहुंचे, इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी थाने के बाहर इकट्ठा हो गए। यह मामला पिछले महीने डायमंड हार्बर से सांसद द्वारा पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों से संबंधित है, जिसके आधार पर गिरीश पार्क थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अभिषेक बनर्जी ने 29 अक्टूबर को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार के बदलने पर इस तरह की कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
पुलिस द्वारा समन
उनके बयान के बाद 31 अक्टूबर को एक महिला ने गिरिश पार्क थाने में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके पश्चात, 13 नवंबर को पुलिसकर्मी अभिषेक के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें 20 नवंबर को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का नोटिस दिया गया।
इस बीच, गिरिश पार्क थाने में अभिषेक बनर्जी के आगमन के बाद तनाव की स्थिति बनी रही। टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। जब अभिषेक थाने में प्रवेश कर रहे थे, भाजपा समर्थकों ने 'चोर-चोर' के नारे लगाए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि तनाव को बढ़ने से रोका जा सके।
भाजपा पर आरोप
अभिषेक बनर्जी ने इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना की थी। उन्होंने कहा, 'गिरिश पार्क थाने ने मुझे ऐसे मामले में तलब किया है जिसमें आरोप है कि मैंने पुलिस अधिकारियों को न्याय का सामना करने की धमकी दी थी। थाने जाने से पहले मैंने सोचा कि यह देखना उचित होगा कि भाजपा नेताओं ने पिछले कुछ वर्षों में पश्चिम बंगाल पुलिस के बारे में क्या कहा है।'
तृणमूल कांग्रेस के सांसद ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें किसी भी चीज़ को छिपाने की जरूरत नहीं है और वह पुलिस के समन का जवाब देते रहेंगे। उन्होंने कहा, 'पहले भी जब-जब मुझे समन भेजा गया है, मैं पेश हुआ हूं। भविष्य में भी यदि मुझे समन भेजा जाएगा, तो मैं निश्चित रूप से पेश होऊंगा।'





