Molitics Logo
होम राष्ट्रीय ध्रुव राठी से सौरव दास तक: सवाल पूछने की कीमत और कानून की रफ्तार पर उठते सवाल
राष्ट्रीय

ध्रुव राठी से सौरव दास तक: सवाल पूछने की कीमत और कानून की रफ्तार पर उठते सवाल

ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, सोशल मीडिया कंटेंट पर कार्रवाई, विदेशी पत्रकार का वीजा रद्द होना और सौरव दास को विदेश जाने से रोके जाने जैसी घटनाओं ने अभिव्यक्ति की आजादी और सरकारी जवाबदेही पर नई बहस छेड़ दी है।

ध्रुव राठी से सौरव दास तक: सवाल पूछने की कीमत और कानून की रफ्तार पर उठते सवाल
फोटो: Dhruv Rathee, Defamation Case, Non-Bailable Warrant, Social Media Censorship, Freedom of Expression

 

मई 2018 में यूट्यूबर ध्रुव राठी ने 'BJP IT Cell Part II' नाम से एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें उन्होंने बीजेपी आईटी सेल से जुड़े विकास पांडे पर आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के लिए 50 लाख रुपये देने की पेशकश की गई थी। राठी के मुताबिक, विकास पांडे ने अभिषेक मिश्रा के जरिए महावीर प्रसाद नाम के व्यक्ति को यह रकम देने की पेशकश की थी। विकास पांडे ने इन आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताते हुए राठी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया। उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल भी इस मामले में घिर गए थे, क्योंकि उन्होंने वीडियो रीट्वीट किया था। करीब आठ साल बाद, 23 नवंबर 2026 को दिल्ली की साकेत कोर्ट ने इसी मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। इसके बाद राठी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नरेंद्र मोदी की आलोचना करने पर किसी की रील ब्लॉक हो सकती है, विदेशी नागरिक का वीजा रद्द हो सकता है और भारतीय नागरिक को विदेश जाने से रोका जा सकता है। उन्होंने तंज कसते हुए आखिर में लिखा- 'Mother of Democracy!'

आठ साल पुराने मामले में क्यों जारी हुआ वारंट?

विकास पांडे की शिकायत पर जुलाई 2019 में पहली बार ध्रुव राठी को समन जारी किया गया था। समन यानी अदालत का आधिकारिक नोटिस, जिसके जरिए किसी व्यक्ति को सुनवाई के लिए पेश होने को कहा जाता है। अक्टूबर 2026 में शिकायतकर्ता ने अदालत से समन की तामील कराने की मांग की। अदालत ने दस्ती समन की अनुमति दी, जिसके बाद गुरुग्राम स्थित राठी के घर पर नोटिस पहुंचाने की कोशिश हुई, लेकिन घर बंद मिला। इसके बाद पहले जमानती वारंट और फिर 23 नवंबर को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया। गैर-जमानती वारंट में गिरफ्तारी के बाद जमानत के लिए अदालत से राहत लेनी पड़ती है। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को है।

हालांकि, गैर-जमानती वारंट जारी होना अपराध साबित होना नहीं है। मानहानि के आरोप पर फैसला मुकदमे की सुनवाई के बाद ही होगा। इसी मामले में अरविंद केजरीवाल की कानूनी स्थिति अलग है। 2024 में उनके वकील ने सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार किया था कि ध्रुव राठी का वीडियो रीट्वीट करना गलती थी।

पुलिस कार्रवाई और सोशल मीडिया पर सेंसरशिप के आरोप

ध्रुव राठी ने अपने बयान में उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें पुलिस कार्रवाई और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर सवाल उठे हैं।

अक्टूबर 2026 में CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आए ध्रुव राठी को 10 अक्टूबर को गुरुग्राम स्थित उनके घर से पुलिस अपने साथ ले गई। करीब 18 घंटे बाद उन्हें छोड़ा गया। राठी ने आरोप लगाया कि उन्हें फोन और वकील से संपर्क करने का मौका नहीं दिया गया और इस कार्रवाई को किडनैपिंग बताया। वहीं, पुलिस का कहना था कि बिना अनुमति प्रदर्शन की योजना और दिल्ली में प्रदर्शन पर लगी पाबंदियों के चलते एहतियाती कार्रवाई की गई थी। सोशल मीडिया पर कंटेंट ब्लॉक करने को लेकर Meta भी सवालों के घेरे में है। कांग्रेस और दूसरे संगठनों ने आरोप लगाया कि सरकार की आलोचना करने वाले पोस्ट और अकाउंट पर कार्रवाई में पक्षपात होता है। इसी मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने Meta के खिलाफ प्रदर्शन किया। बेंगलुरु में मार्क जुकरबर्ग का पोस्टर लगाकर 'Meta BJP Ka Beta' का नारा दिया गया, जबकि हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान कंपनी के कार्यालय में तोड़फोड़ की खबर सामने आई। 24 नवंबर को Meta के प्रतिनिधियों ने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। कंपनी ने राजनीतिक पक्षपात के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह भारतीय कानूनों के मुताबिक काम करती है। Meta की ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 के बीच भारत में स्थानीय कानूनों के आधार पर 54 लाख से ज्यादा कंटेंट प्रतिबंधित किए गए। इससे पहले के छह महीनों में यह संख्या करीब 41 हजार थी। यानी लगभग 131 गुना वृद्धि। ये आंकड़े अकाउंट के नहीं, बल्कि पोस्ट और दूसरी सामग्री के हैं। इंटरनेट फ्रीडम फाउंडेशन (IFF) के मुताबिक, अक्टूबर से नवंबर 2026 के बीच कंटेंट हटाए जाने से जुड़ी 121 शिकायतें मिलीं। इनमें 98 Meta और 82 Instagram से संबंधित थीं।

Molitics का Instagram हैंडल और Facebook पेज भी 2026 में आईटी नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए भारत में प्रतिबंधित किए गए थे। Instagram से प्रतिबंध हट गया, लेकिन Facebook पेज अब भी प्रतिबंधित है। हमारी पोस्ट भी लगातार डिलीट की जा रही हैं। फरवरी 2026 में आईटी नियमों में बदलाव के बाद कुछ गैर-कानूनी कंटेंट हटाने के लिए सोशल मीडिया कंपनियों को तीन घंटे की समयसीमा दी गई है। सरकार इसे जरूरी कार्रवाई बताती है, लेकिन आलोचकों की चिंता है कि इतनी कम समयसीमा में कंपनियां पूरी जांच करने के बजाय कंटेंट हटाना आसान समझ सकती हैं।

विदेशी पत्रकार का वीजा रद्द, सौरव दास को विदेश जाने से रोका

नवंबर 2026 में नॉर्वे की पत्रकार हेल्ले लिंज ने आरोप लगाया कि भारत आने के लिए मंजूर उनका वीजा उड़ान से कुछ घंटे पहले रद्द कर दिया गया। उन्होंने मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर सवाल पूछा था। बाद में उन्होंने अपने Facebook और Instagram अकाउंट सस्पेंड होने का भी दावा किया। वह हैदराबाद में भारत समिट में प्रेस की आजादी पर बोलने वाली थीं। हालांकि, सरकार ने वीजा रद्द करने की वजह सार्वजनिक नहीं की। इसी बीच CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास को 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन, कैम्ब्रिज और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स समेत कई संस्थानों में कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया गया था। सरकारी पक्ष के मुताबिक, उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान को लेकर विसंगति थी। चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने नोटिस जारी कर सात दिनों में जवाब मांगा और तब तक विदेश यात्रा नहीं करने को कहा। वहीं, सौरव का कहना है कि उनका पासपोर्ट 2019 में पुलिस वेरिफिकेशन के बाद जारी हुआ था और वह इसी पासपोर्ट से पहले भी विदेश जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाइट से महज पांच घंटे पहले नोटिस भेजा गया। इस कार्रवाई पर तंज कसते हुए सौरव ने कहा कि अगर वह नीरव मोदी, मेहुल चोकसी या विजय माल्या होते, तो उन्हें रेड कारपेट मिलती।

हजारों करोड़ के आरोपी विदेश में, कानून की रफ्तार पर सवाल

सौरव दास का यह तंज उन आर्थिक अपराधियों की याद दिलाता है, जो हजारों करोड़ रुपये के बैंक घोटालों के आरोपों के बाद भारत से बाहर हैं। विजय माल्या पर बैंकों का करीब 9 हजार करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है। वह मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। जनवरी 2019 में उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया। ब्रिटेन की अदालत ने उनके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी, लेकिन वह अब तक भारत नहीं लौटे। नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक से करीब 6,498 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। मार्च 2019 में उन्हें लंदन में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह अब भी ब्रिटेन में हैं। वहीं, मेहुल चोकसी को अप्रैल 2025 में बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया। उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है। इन सभी मामलों की कानूनी स्थिति अलग-अलग है। ललित मोदी का मामला भी अलग है। उन पर IPL से जुड़े FEMA उल्लंघन के आरोप लगे थे, लेकिन जुलाई 2026 में अपीलीय ट्रिब्यूनल ने उनके खिलाफ ED की ज्यादातर कार्रवाई और जुर्माने को रद्द कर दिया। इन घटनाओं से एक बड़ा सवाल उठता है। अगर किसी के पासपोर्ट में गड़बड़ी है तो जांच होनी चाहिए। मानहानि का मामला है तो अदालत में सुनवाई होनी चाहिए और गैर-कानूनी कंटेंट पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। लेकिन हर कार्रवाई पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह होनी जरूरी है। कानून की विश्वसनीयता इस बात से तय नहीं होती कि वह किसी एक व्यक्ति के खिलाफ कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। उसकी असली परीक्षा तब होती है, जब आम नागरिक से लेकर ताकतवर लोगों तक, सभी के मामलों में समान निष्पक्षता दिखाई दे। सरकार की आलोचना करने वाला व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है, लेकिन सरकार भी सवालों से ऊपर नहीं है। लोकतंत्र में सत्ता का काम सवाल पूछने वालों को चुप कराना नहीं, बल्कि उनके सवालों का जवाब देना है। और जब हजारों करोड़ के आरोपियों को वापस लाने की प्रक्रिया सालों तक चलती है, तो सरकार को यह भी बताना होगा कि कानून की रफ्तार आखिर किसके लिए तेज है और किसके लिए धीमी।


इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/4Vfo75FLPLs?si=JoZrVPSxNDojQVzf

Video