Molitics Logo
होम अंतरराष्ट्रीय परीक्षा व्यवस्था की चूक पर दो देशों में दो तस्वीरें: दक्षिण कोरिया में मंत्री ने ली जिम्मेदारी, भारत में छात्रों के दबाव के बाद इस्तीफा
अंतरराष्ट्रीय

परीक्षा व्यवस्था की चूक पर दो देशों में दो तस्वीरें: दक्षिण कोरिया में मंत्री ने ली जिम्मेदारी, भारत में छात्रों के दबाव के बाद इस्तीफा

परीक्षा में गड़बड़ी की कीमत छात्रों ने चुकाई, लेकिन दक्षिण कोरिया और भारत में जवाबदेही तय होने का तरीका बिल्कुल अलग रहा।

परीक्षा व्यवस्था की चूक पर दो देशों में दो तस्वीरें: दक्षिण कोरिया में मंत्री ने ली जिम्मेदारी, भारत में छात्रों के दबाव के बाद इस्तीफा
फोटो: South Korea, India, NEET UG 2026, Exam System, Education Minister

दक्षिण कोरिया में परीक्षा नियमों की जल्दबाजी बनी संकट

परीक्षा में नकल रोकने के लिए कड़े नियम बनाना किसी भी सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन जब इन्हीं नियमों को लागू करने में अव्यवस्था पैदा हो जाए और लाखों छात्रों को परेशानी उठानी पड़े, तो सवाल सिर्फ परीक्षा व्यवस्था का नहीं बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही का भी बन जाता है। दक्षिण कोरिया में नवंबर 2026 में कॉलेज प्रवेश की बेहद महत्वपूर्ण College Scholastic Ability Test (CSAT) से पहले AI की मदद से नकल को रोकने के लिए सरकार ने आखिरी समय में कई सुरक्षा उपाय लागू किए। करीब 5.5 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था।

विवाद तब तेज हुआ जब राष्ट्रीय टैक्स अकाउंटेंट परीक्षा के टॉपर ने कथित तौर पर छोटे कैमरे, स्मार्टफोन और AI की मदद से नकल करने की बात स्वीकार की। इसके बाद सरकार ने CSAT से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के चश्मों की जांच हुई, कपड़ों के बटनों को स्टिकर से ढकने के निर्देश दिए गए और मोबाइल फोन को लेकर सख्त व्यवस्था लागू की गई। परीक्षा के दौरान देशभर में तीन आपातकालीन मोबाइल अलर्ट भी भेजे गए, ताकि ऐसे फोन की पहचान की जा सके जिन्हें छात्रों ने जमा नहीं कराया था। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़े 111 संदिग्ध मामले सामने आए। समस्या यह थी कि नियम लगातार बदले जा रहे थे। शिक्षकों और परीक्षा अधिकारियों को भी बहुत कम समय में नई व्यवस्था समझनी पड़ी। इससे छात्रों के बीच तनाव और भ्रम बढ़ा।

शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने ली जिम्मेदारी

दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने इस अव्यवस्था की राजनीतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा दे दिया। उनका कहना था कि परीक्षा से ठीक पहले किए गए बदलावों से छात्रों और आम लोगों को असुविधा हुई और मंत्रालय पहले से पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाया। राष्ट्रपति ली जे-म्यूंग ने उनका इस्तीफा लगभग एक घंटे के भीतर स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय परीक्षाओं के प्रबंधन और संबंधित नियमों की व्यापक समीक्षा के निर्देश दिए।

चोई पहले अपने एक बयान को लेकर भी आलोचना में आ चुके थे। संसद में AI आधारित नकल को पूरी तरह पकड़ने की क्षमता पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने अपनी उम्र का हवाला देते हुए संदेह जताया था। इस टिप्पणी ने विवाद को और बढ़ा दिया। यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल साबित होने की वजह से नहीं, बल्कि नकल रोकने की तैयारी में पैदा हुई अव्यवस्था की प्रशासनिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री ने पद छोड़ा।

भारत में NEET विवाद और दोबारा परीक्षा

भारत में परीक्षा व्यवस्था से जुड़ा संकट अलग परिस्थितियों में सामने आया। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता और प्रश्नपत्र से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आईं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला घोषित किया। साथ ही मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंपने की जानकारी दी गई।

इसके बाद NTA ने 21 जून 2026 को NEET-UG की पुनर्परीक्षा आयोजित की। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर छात्रों पर पड़ा। मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में महीनों और वर्षों लगाने वाले अभ्यर्थियों को अनिश्चितता, दोबारा तैयारी और परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव का सामना करना पड़ा।

इसी दौरान परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और सुधार की मांग को लेकर छात्र आंदोलन तेज हुआ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनी।

भारत में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और जवाबदेही का सवाल

25 जुलाई 2026 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनका इस्तीफा NEET-UG विवाद और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर चल रहे व्यापक छात्र आंदोलन के बीच आया।

यानी दोनों देशों में शिक्षा मंत्रियों का इस्तीफा सामने आया, लेकिन राजनीतिक संदर्भ अलग रहे। दक्षिण कोरिया में चोई क्यो-जिन ने परीक्षा से पहले किए गए आखिरी समय के बदलावों से पैदा हुई अव्यवस्था की जिम्मेदारी खुद स्वीकार की। भारत में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कई सप्ताह चले विरोध प्रदर्शनों और जवाबदेही की मांग के बाद आया।

यहीं से दोनों घटनाओं की सबसे बड़ी तुलना सामने आती है। दक्षिण कोरिया का मामला यह सवाल उठाता है कि अगर सरकार की नीयत नकल रोकने की हो, लेकिन तैयारी कमजोर हो और छात्रों को परेशानी हो, तो राजनीतिक जिम्मेदारी कौन लेगा। भारत का मामला पूछता है कि जब परीक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठें, परीक्षा रद्द हो और छात्र सड़कों पर उतरें, तब जवाबदेही तय होने में इतना समय क्यों लगे। आखिरकार किसी भी परीक्षा व्यवस्था की सफलता सिर्फ यह नहीं है कि नकल कितनी रोकी गई। असली कसौटी यह है कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से हो।

क्योंकि परीक्षा में गलती किसी सरकारी फाइल में दर्ज एक छोटी प्रशासनिक चूक नहीं होती। उसके पीछे लाखों छात्रों की मेहनत, उनके परिवारों का आर्थिक और मानसिक निवेश और उनके भविष्य की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए दक्षिण कोरिया और भारत दोनों घटनाएं एक बड़ा सबक देती हैं—परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सिर्फ मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए जिसमें छात्रों को बार-बार सिस्टम की गलतियों की कीमत न चुकानी पड़े। 

इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/jhZEskLeqcU?si=-zyqLsc14oRSb4sn

Video