अरविंद केजरीवाल ने कहा, “गुजरात में पिछले 30 सालों से बीजेपी की सरकार है, लेकिन विसावदर के लोगों ने पिछले 20 सालों से बीजेपी के सत्ता तंत्र, धनबल और बाहुबल का डटकर विरोध किया है। यही कारण है कि मैं दिल्ली से खास तौर पर आपके साहस को सलाम करने आया हूं।” अपने संबोधन में केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने पहले हर्षद रबड़िया को फिर भूपत को उनकी ही पार्टी से चोरी कर लिया। उन्होंने कहा, “बीजेपी अब कहती है कि किसी को भी वोट दो, हम उसे खरीद लेंगे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।”
केजरीवाल ने गोपाल इटालिया को पार्टी का कट्टर हीरो बताते हुए कहा कि वह ईमानदार हैं, साधारण परिवार से आते हैं और उनके सिद्धांत अडिग हैं। उन्होंने कहा, “गोपाल इटालिया को तोड़ने के लिए उन्हें करोड़ों रुपये का ऑफर दिया गया, लेकिन वह न झुके, न बिके।” सभा में सहकारी मंडली में हुए कथित भ्रष्टाचार पर भी केजरीवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोपाल इटालिया सभी गलत नोटिस को वापस करवाएंगे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
अपने भाषण में केजरीवाल ने कहा, “बिना बुलाए कोई शादी में नहीं जाता, वैसे ही बिना मांगे वोट भी नहीं देना चाहिए। मैं, भगवंत मान और आतिशी आपसे वोट मांगने आए हैं क्योंकि हम आपके वोट की अहमियत समझते हैं। लेकिन बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेता यहां वोट मांगने तक नहीं आए, तो उन्हें क्यों वोट देना?” केजरीवाल ने दावा किया कि बीजेपी सुबह के समय फर्जी वोटिंग कर सकती है। उन्होंने अपील की कि सुबह 7 बजे ही वोट डालें और फिर नाश्ता करें, ताकि कोई आपके नाम पर वोट न डाल सके।





