Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: विधानसभा चुनाव में 60.42% मतदान, उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक तो नई दिल्ली में सबसे कम वोटिंग
चुनाव

Delhi Polls: विधानसभा चुनाव में 60.42% मतदान, उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक तो नई दिल्ली में सबसे कम वोटिंग

सबसे अधिक 66.25% वोटिंग नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में दर्ज की गई, जो भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है। जबकि सबसे कम नई दिल्ली जिले में 57.13% मतदान हुआ।

Delhi Polls: विधानसभा चुनाव में 60.42% मतदान, उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक तो नई दिल्ली में सबसे कम वोटिंग
फोटो: Delhi Assembly Election, AAP, Congress
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान का समय समाप्त हो चुका है, और अब केवल उन मतदाताओं के वोट डाले जा रहे हैं जो बूथों पर लाइन में खड़े हैं। रात 11: 30 बजे तक कुल 60.42% मतदान हो चुका है, जिसमें सबसे अधिक 66.25%  वोटिंग नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में दर्ज की गई, जो भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है। जबकि सबसे कम नई दिल्ली जिले में 57.13% मतदान  हुआ। 

मतदान के दौरान हुई बड़ी घटनाएँ 


सीलमपुर में फर्जी वोटिंग को लेकर हुआ विवाद: दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान सीलमपुर में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि बुर्का पहनकर फर्जी वोटिंग कराई जा रही है, जबकि कुछ महिला वोटर्स ने दावा किया कि उनके वोट पहले ही डाल दिए गए। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर बाहरी महिलाओं को लाकर नकली वोट डलवाने का आरोप लगाया था, वहीं कुछ स्थानीय महिलाओं ने बिना मतदान किए ही वोट डाले जाने की शिकायत की थी। इस मुद्दे पर बीजेपी, आप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। बीजेपी उम्मीदवार ने दावा किया कि हर मतदान केंद्र पर 200-300 आप कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और सौहार्द्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

जंगपुरा में भी हंगामा:  आप नेता मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि दिल्ली के जंगपुरा इलाके में बीजेपी पैसे बांट रही है। सिसोदिया ने कहा था कि वहां बीजेपी की टेबलें लगी हुई हैं, जहां मतदाताओं को पैसे दिए जा रहे हैं। उनका आरोप था  कि यह पूरी प्रक्रिया चुनाव में धांधली और मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया है और इसे गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि मनीष सिसोदिया जो कुछ भी आरोप लगा रहे हैं, वह पूरी तरह से निराधार हैं और जंगपुरा इलाके में ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि इलाके में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और आरोपों की जांच की जाएगी।

AAP के दो विधायकों पर FIR:  दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के दो विधायकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। ओखला के विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है, जबकि संगम विहार से AAP विधायक दिनेश मोहनिया पर एक महिला ने फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया है। महिला ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Read This Also:- Delhi Polls: दंगा प्रभावित क्षेत्रों में मतदान रहा उच्च, मुस्लिम इलाकों में दिखा वोटिंग का बंटवारा