Molitics Logo
होम चुनाव ‘भ्रष्टाचार मुक्त के नाम पर आए, लेकिन सारे भ्रष्टाचार रिकॉर्ड तोड़ दिए’- अमित शाह का केजरीवाल पर बड़ा हमला
चुनाव

‘भ्रष्टाचार मुक्त के नाम पर आए, लेकिन सारे भ्रष्टाचार रिकॉर्ड तोड़ दिए’- अमित शाह का केजरीवाल पर बड़ा हमला

शाह ने अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल की नीतियों और उनके नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है।

‘भ्रष्टाचार मुक्त के नाम पर आए, लेकिन सारे भ्रष्टाचार रिकॉर्ड तोड़ दिए’- अमित शाह का केजरीवाल पर बड़ा हमला
फोटो: Amit Shah, Kejriwal
भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी मुहिम की शुरुआत करते हुए शनिवार को 'झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन' में आम आदमी पार्टी (आप) और इसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला किया। इस सम्मेलन में 5,000 से ज्यादा झुग्गी बस्ती प्रधानों ने हिस्सा लिया। शाह ने अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल की नीतियों और उनके नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने विशेष रूप से अन्ना हजारे का नाम लेकर केजरीवाल की सरकार की कड़ी आलोचना की।

 शाह ने कहा कि आज दिल्लीवाले ही नहीं, बल्कि अन्ना हजारे भी इस बात का पछतावा कर रहे होंगे कि उन्होंने केजरीवाल को अपना समर्थन दिया था। अमित शाह ने कहा कि दिल्लीवासियों से किए गए वादों को केजरीवाल ने पूरा नहीं किया और इसके बजाय उन्होंने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक असफलता को बढ़ावा दिया। शाह ने अपने भाषण में अन्ना हजारे का जिक्र चार बार किया और कहा कि अगर आज किसी को सबसे ज्यादा पछतावा हो रहा है, तो वह अन्ना हजारे होंगे, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में शामिल हुए थे और केजरीवाल को समर्थन दिया था। उन्होंने कहा, "अन्ना ने जो आंदोलन किया, उस आंदोलन को भ्रष्टाचार से लड़ने का एक मिशन माना गया था, लेकिन केजरीवाल ने उसी आंदोलन को सत्ता की सीटों पर चढ़ने के लिए इस्तेमाल किया और अब वह खुद भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं।" शाह ने आगे कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर झुग्गीवासियों के लिए पक्के मकान मिलेंगे, और भाजपा किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा योजना को खत्म करने की धमकी दी थी, लेकिन भाजपा ने इसके लिए बजट बढ़ा दिया और इस योजना को मजबूती से चलाया। 

गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों और अन्ना हजारे को धोखा दिया। उन्होंने 5 फरवरी को होने वाले चुनाव में लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करने की अपील की। शाह ने दिल्ली में कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि जहां-जहां केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जाते हैं, वहां शराब की बोतलें दिखती हैं। शाह ने कहा, "केजरीवाल ने करप्शन मुक्त दिल्ली का वादा किया था, लेकिन क्या हुआ? मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पांच मंत्री, पांच विधायक और एक सांसद सभी जेल में हैं। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया, वे आज खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं।" अमित शाह ने दिल्ली को "आपदा" से बचाने का दावा करते हुए कहा, "पूरे देश में विकास हुआ, लेकिन दिल्ली में कुछ नहीं बदला। यहां के लोग आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, सड़कों पर गंदगी और टूटी-फूटी सड़कें हैं, और यमुना नदी की हालत तो और भी खराब है।" 

शाह ने यह भी कहा कि आप सरकार ने झुग्गीवासियों को झांसा दिया और उनकी समस्याओं को हल करने के बजाय सिर्फ बयानबाजी की। शाह ने बताया कि भाजपा के नेता पिछले 26 हफ्तों से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में झुग्गीवासियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने बताया कि झुग्गीवाले दिल्ली को सबसे प्रदूषित शहर मानते हैं और वे पूछते हैं कि आखिर क्यों दिल्ली में इतना प्रदूषण है। शाह ने कहा, "कांग्रेस और आप सरकारें दिल्ली को गंदगी और खराब प्रशासन से ही पहचान दिलवाने में लगी हैं। दिल्ली में सबसे ज्यादा बच्चे 9वीं और 11वीं कक्षा में फेल हो रहे हैं, और 5.25 लाख बच्चों के लिए स्कूलों में जगह नहीं है। इसके अलावा कई हजार झुग्गीवाले अब भी बोतल और टैंकर से पानी पीने को मजबूर हैं।" शाह ने इन बिंदुओं के माध्यम से दिल्ली के वर्तमान शासन की नाकामियों को उजागर किया और भाजपा की तरफ से दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं और विकास देने का वादा किया।

Read This Also:- केजरीवाल का चुनाव आयोग को पत्र, BJP पर फर्जी वोटर लिस्ट बनाने का आरोप