UP इलेक्शन को लेकर मलिक की सलाह:मंत्री नवाब मलिक ने कहा- गैर भाजपाई दलों को मतों के विभाजन से बचना चाहिए

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी यानी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का यह विचार है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों के वोट का बंटवारा न हो।
मलिक ने कहा कि राकांपा गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भी कांग्रेस के साथ बातचीत और भाजपा विरोधी पार्टियों के बीच एकता की वकालत कर रही है ‘लेकिन अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली’ है। उत्तर प्रदेश और गोवा दोनों ही राज्यों में अभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। यहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं।
मलिक ने आगे कहा, ‘‘हमें उस पार्टी का समर्थन करना चाहिए जो उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है। यह हमारा विचार है कि गैर भाजपाई दलों के बीच मतों का विभाजन नहीं होना चाहिए।”
सपा संग गठबंधन कर सकती है एनसीपी
राकांपा नेता ने कहा कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के साथ भी उनकी पार्टी यही चर्चा कर रही है। मलिक की पार्टी महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करती है। मलिक ने कहा कि गोवा के लिए प्रफुल्ल पटेल ने पड़ोसी राज्य के कांग्रेस प्रभारी दिनेश गुंडू राव के साथ समान विचारधारा वाले दलों के बीच एकता बनाने पर चर्चा की ‘लेकिन अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई’ है।