मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हुड्डा पर बोला हमला, कहा- न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी

आशीर्वाद यात्रा के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यात्रा का शुभारंभ यमुनानगर के रादौर से किया। इस दौरान मनोहर लाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। हुड्डा ने कहा है कि उनकी सरकार बनने पर चार डिप्टी सीएम बनने की बात कही है। इस पर सीएम ने कहा कि न तो नौ मल तेल होगा न राधा नाचेगी। प्रदेश में भाजपा की लहर है। जन आशीर्वाद यात्रा कालका मंदिर से शुरू हुई है आठ सितंबर तक हर दिन छह विधानसभा से यात्रा गुजरेगी। जिस मुख्यालय पर रात का ठहराव होगा वहां पर बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ होगा। 
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद 
सीएम से सवाल किया गया कि प्रशासन यात्रा में व्यस्त है। जिले में बाढ़ का पानी घुसा है। इस पर उनका जवाब था कि यात्रा में उतने ही अधिकारी लगे हैं जितने की आवश्यकता है, बाकी अपना काम कर रहे हैं। बाढ़ के लिए प्रशासन मुस्तैद है। कल रात इंद्री विधानसभा एरिया में कुछ लोग पानी में फंस गए। जिनको रात नौ बजे लिफ्ट कर सुरक्षित जगह पर लाया गया। यमुनानगर एरिया में यात्रा उस एरिया से निकली है जहां पर जलभराव होता है। ये बात सही है कि यहां जलभराव होता है, लेकिन कुछ समय बाद पानी उतर जाता है। 
राम रहीम पर फैसला सुनाने वाले जज जगदीप सिंह करेंगे अब वित्तमंत्री आवास पर आगजनी केस की सुनवाई
जनता से आशीर्वाद के लिए निकले हैं 
सीएम ने कहा कि ये यात्रा जनता से आशीर्वाद के लिए है। जहां से यात्रा निकलती है उस एरिया के सांसद व विधायक को साथ रखा जाता है। उन्होंने कहा कि ये यात्रा प्रदेश का माहौल बदल देगी। सभी विधानसभाओं में प्रोग्राम है। लोगों में इतना उत्साह है कि अपने गांव में भी कार्यक्रम कर रहे हैं। सीएम की यात्रा रादौर से कुरुक्षेत्र के लाडवा व शाहाबाद मारकंडा होते हुए मुलाना पहुंची। आज सीएम की यात्रा अंबाला शहर जाकर खत्म होगी। यह यात्रा लगभग 123 किलोमीटर की है। यात्रा के दौरान सीएम रथ से ही आमजन से रू-ब-रू हुए और कई स्थानों पर जनसभा संबोधित कर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
पुष्पवर्षा से स्वागत
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मनोहर की आशीर्वाद यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा जहां-जहां पहुंची वहां स्थानीय नेताओं को रथ पर चढ़ने का मौका दिया गया। मनोहर लाल ने कहा पांच साल में जो घोषणाएं की है, उससे ज्यादा किया है। परंतु अभी बहुत कुछ करना बाकी है। हमने जो पांच साल में किया, उसका प्रसाद जनता ने हमें नगर निगम चुनाव, जींद उपचुनाव एवं लोकसभा चुनाव में दिया है।