बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ से झारखंड का बिगड़ रहा जनसंतुलन, VHP ने सरकार को चेताया

विश्व हिंदू परिषद (VHP)  के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने झारखंड में अवैध बूचड़खानों को ध्वस्त करने के लिए रघुवर सरकार की पीठ थपथपाई है। कहा है-भाजपा सरकार हिंदू आस्था के लिए अच्छा काम कर रही है। साथ ही झारखंड के सीमावर्ती साहिबगंज, पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ को लेकर चेताया भी है। परांडे ने कहा है कि घुसपैठ से सामाजिक और धार्मिक जनसंतुलन बिगड़ रहा है। झारखंड के संताल के कई जिलों में घुसपैठ के कारण हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं। घुसपैठ रोकने के लिए सरकार को अविलंब कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
ईसाई मिशनरियों पर कठोरता से कार्रवाई करे सरकारः परांडे सोमवार को झरिया अग्रसेन भवन में आयोजित विहिप के स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विहिप के हितचिंतक अभियान से 50 लाख लोगों को जोड़ने का काम किया जाएगा। देशभर में संगठन का विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष 32 लाख लोगों को अभियान से जोड़ा गया था। अभी देश में विहिप के सहयोग व द्वारा 92 हजार से अधिक सेवा कार्य चल रहे हैं। झारखंड में भी नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, चिकित्सा, कौशल विकास के क्षेत्र में नए प्रकल्पों  की हम योजना बना रहे हैं।  ईसाई मिशनरियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बालक, बालिका आश्रम से अनेक बच्चों को बेचा गया था। आज फिर उन संस्थाओं का प्रारंभ होना दुखद विषय है। सरकार को ईसाई मिशनरियों और गौ तस्करों की गतिविधियों पर कठोरता से कार्रवाई करने की जरूरत है।
हिंदू संगठनों पर झूठा मुकदमा बर्दाश्त नहींः परांडे ने कहा कि राज्य की कई घटनाओं में पुलिस की ओर से हिंदू संगठन के लोगों पर झूठा मुकदमा किया गया है। इससे हिंदू समाज आहत हो रहा है। सरकार को इन ज्वलंत मुद्दों पर शीघ्र ध्यान देने की जरूरत है। ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले समय में भ्रामक की स्थिति पैदा हो सकती है। मौके पर विहिप के प्रांतीय मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू भी उपस्थित थे।

More videos

See All