BJP की जनसुनवाई: लोगों ने आप विधायक पर लगाया आरोप, कहा- 'वोट नहीं देने पर नहीं बनवा रहे रोड'

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता सौंपी थी, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। पिछले लगभग 54 माह में दिल्ली की समस्याएं हल करने को कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वह अपने आवास पर जनसुनवाई सभा को संबोधित कर रहे थे।
बसों की कमी से जूझ रही दिल्‍ली
दिल्ली के अलग-अलग इलाके से आए लोगों ने टूटी सड़कें, सीवर की समस्या, पानी की किल्लत, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों की कमी, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा की समस्या हल करने की मांग की। हर्ष विहार की एक महिला ने खस्ता हाल सड़क और पानी निकासी की समस्या का वीडियो दिखाने के साथ आरोप लगाया कि वहां के विधायक समस्या हल नहीं कर रहे हैं।
आप ने पूरा नहीं किया चुनावी वादा
तिवारी ने कहा कि आप सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। हर्ष विहार की समस्या इसका उदाहरण है। आप विधायक भी लोगों की समस्याएं हल करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। हर्ष विहार से आने वाली महिला ने उन्हें बताया कि वहां का विधायक यह कहते हुए सड़क नहीं बनवा रहा है कि वहां के लोगों ने उसे वोट नहीं दिया था। इस तरह का भेदभाव गलत है। विधायक क्षेत्र का प्रतिनिधि होता है उसे बगैर किसी भेदभाव के काम करना चाहिए।
सीएम विधायकों पर नहीं कर रहे कार्रवाई
उन्होंने कहा कि आप विधायकों के खिलाफ कई तरह की शिकायतें हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बचते हैं। लोगों की समस्याएं हल करने के बजाय चुनावी फायदे के लिए मुफ्त सेवा की राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री दिल्लीवासियों के साथ धोखा किया है।
 

More videos

See All