मनोहर लाल बोले- आज दिन एतिहासिक, नेहरू ने जो विषय उलझाया था उसे मोदी ने सुलझाया

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जम्मू-कश्मीर पर केंद्र सरकार द्वारा लिए गए फैसले को एतिहासिक करार दिया है। कहा कि यह एतिहासिक दिन है। 5 अगस्त, 2019 का दिन देश की आजादी के बाद याद रखा जाएगा। 72 साल पहले पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने जो विषय उलझाया था, बदकिस्मत से यह विषय सरदार पटेल के हाथ मे नहीं लगा। इसका पूरा श्रेय गुजरात की भूमि से आए नरेंद्र मोदी को जाता है। इस फैसले से देश को टेढ़ी नजर से देखने वालों को कड़ा सबक सिखाया गया।
मनोहर लाल ने कहा कि इसी कड़ी में आज लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश तथा जम्मू एवं कश्मीर को दिल्ली की तर्ज पर केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया। जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमने हर बार यह धारा 370 को समाप्त करने का सपना देखा। आज बसपा ने भी इस निर्णय का स्वागत किया।
सदस्यता अभियान पर मनोहर लाल ने कहा कि हमने अपनी सदस्यता को डेढ़ गुणा करने का संकल्प लिया है।अन्य दलों के वरिष्ठ नेता भाजपा में आ रहे हैं। आज इस कड़ी में निर्दलीय विधायक जसबीर देशवाल, इनेलो पूर्व विधायक एवं कांग्रेस में रह चुके नसीम अहमद, पूर्व विधायक रामचन्द्र कम्बोज विधिवत तौर पर भाजपा में शामिल हुए। उनका स्वागत है।
मनोहर लाल ने कहा कि हमने कांग्रेस मुक्त भारत कहा, उससे अभिप्राय कांग्रेस की उस विचारधारा को खत्म करना है, जिसका रास्ता भ्रष्टाचार, दलाल संस्कृति की ओर जाता है। हुड्डा की रैली पर सीएम ने कहा कि बदलने का काम जनता ने करना है। जनता समझदार है, उसे निर्णय करना है कि उसे सुशासन चाहिए या कुशासन।

More videos

See All