Molitics Logo

प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने कहा कि अब किशोरों को भी पार्टी से जोड़ेगी भाजपा

 भाजपा अब 16 साल के किशोरों को भी सदस्यता दिलाएगी। संभाग कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने कहा कि 11 अगस्त तक सूबे में कुल दस लाख नए कार्यकर्ता बनाए जाने हैं। वर्तमान में साढ़े पांच लाख लोग संगठन से जुड़ भी चुके हैं।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सदस्यता अभियान संगठन के लिए एक पर्व की तरह है। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार अब बेनामी संपत्तियों का अधिग्रहण कर विकास कार्यों को अमलीजामा पहना रही है। प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर मुहिम चलाई जा रही है। गोयल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त रही पिछली सरकार ने बार-बार प्रोजेक्टों का बजट बढ़ाया। जिसका बोझ सरकारी खजाने पर पड़ा। महामंत्री के मुताबिक 11232 बूथों पर पार्टी पूरी मजबूती के साथ जुटी है। हर बूथ पर सौ सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं। 
विद्यालय, छात्रावास, महाविद्यालयों में भी सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मंडल, मोर्चा, वार्ड व शक्ति केंद्रों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई है। गोयल ने कहा कि जनता के बीच सदस्यता अभियान को लेकर खासी दिलचस्पी है। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की वजह से लोग खुद जुड़ रहे हैं। वार्ता में विधायक बंशीधर भगत, मंडी विपणन बोर्ड अध्यक्ष गजराज बिष्ट, कुमाऊं सह मीडिया प्रभारी प्रकाश रावत, जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट मौजूद रहे।