इस खास लकड़ी के शानदार फर्नीचर से सज रहा है प्रियंका वाड्रा का आशियाना, जल्द करेंगी गृह प्रवेश

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के छराबड़ा स्थित आशियाने में इन दिनों उनकी पसंद का फर्नीचर सजाया जा रहा है। ड्राइंगरूम में फाइव इन वन सोफा सेट लग रहा है। इसके अलावा अखरोट की लकड़ी से तैयार किया गया फर्नीचर घर में नजर आएगा।
सभी बेडरूम में अखरोट की लकड़ी की सीलिंग लगाई गई है। घर में साज-सज्जा के लिए दिल्ली से डिजाइनर आए हैं। रसोई में भी अधिकांश तौर पर लकड़ी का इस्तेमाल किया गया है। इसके बाद बरसात खत्म होते ही लकड़ी पर पॉलिश होगा। प्रियंका वाड्रा किसी भी समय गृह प्रवेश कर सकती हैं। प्रियंका के मकान की लगातार देखरेख करते रहे केहर सिंह खाची गांधी परिवार के साथ जुड़े रहे हैं। प्रियंका के आशियाने का निर्माण इस वर्ष के शुरू में पूरा कर लिया गया था।
निर्माण का जिम्मा शिमला शहर के मशहूर ठेकेदार तेंजिन को दिया गया था। मां सोनिया गांधी के साथ प्रियंका छराबड़ा आती रही हैं। मां-बेटी ने मकान निर्माण के संबंध में पूरी दिलचस्पी ली। यही कारण है कि एक बार  पूरा निर्माण तुड़वाकर नए सिरे से निर्माण शुरू किया गया था।