कोई भी चुनाव नहीं लड़ूंगा लड़वाऊंगा जरूर : बीरेंद्र

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि वे अब कोई भी चुनाव नहीं लड़ेंगे, हालांकि चुनाव लड़वाएंगे जरूर। बीरेंद्र सिंह रविवार को उचाना में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने उचाना हलके से 7 बार चुनाव लड़े हैं, जिनमें से 5 जीते हैं। सभी के सहयोग से यह संभव हुआ। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि एक जाति विशेष कभी भी किसी को चुनाव में जीत हासिल नहीं करवा सकती। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ 5 साल पहले जींद की धरती पर रैली कर भाजपा में शामिल हुए थे।
उस रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे थे। अब 16 अगस्त को भाजपा में शामिल होने के 5 साल पूरे होने पर वे जींद में फिर रैली करेंगे। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह फिर आएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में गृहमंत्री बनने पर शाह का पार्टी के सदस्यता अभियान की कॉपियों से तोलकर अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी कभार होता है,जब विपक्ष नजर नहीं आता हो। आज हरियाणा में विपक्ष दिखाई नहीं दे रहा है। इस मौके पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More videos

See All