लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने किया शराब फैक्ट्री का समर्थन

प्रदेशभर में देवप्रयाग स्थित शराब फैक्ट्री के विरोध के बीच लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने फैक्ट्री का समर्थन किया है। नेगी के शराब फैक्ट्री को समर्थन देने से विवादों को हवा मिल गई है। हालांकि, नेगी ने यह बात साफ की है कि वह इसे रोजगार की दृष्टि से देख रहे हैं। कहा कि सरकार शराब के सेवन पर रोक तो नहीं लगा सकती तो प्रदेश में बनी शराब पीने में क्या बुराई है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को संगीत नाटक सम्मान के लिए चयनित होने पर बधाई देने उनके घर पहुंचे। यहां उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सीएम ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मिला ये सम्मान पूरे प्रदेश का सम्मान है। कहा कि नेगी ने संगीत के माध्यम से उत्तराखंड को पहचान दिलाई है। उन्होंने अपने संगीत में पहाड़ के जीवन के हर पहलू को समेटा है। उन्होंने नेगी को बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

उधर, मीडिया ने लोकगायक नेगी से देवप्रयाग में हिलटॉप शराब की फैक्ट्री खोलने पर सवाल पूछे तो नेगी ने कहा कि हमें समझना होगा कि यह सही है या गलत। यहां के लोग शराब नहीं पीते तो यहां शराब से जुड़ा कुछ नहीं होना चाहिए। लेकिन, प्रदेश में शराब की खपत बेहद ज्यादा है। तो यहां फैक्ट्री स्थापित करने पर आपत्ति क्यों। यहां के माल्टा उत्पादक किसानों को इसका फायदा मिलना चाहिए और युवाओं को रोजगार भी। लेकिन, इसकी समीक्षा तो सरकार को ही करनी होगी कि फैक्ट्री से कितना फायदा हो रहा है। लेकिन, मेरा व्यक्तिगत सोचना है कि अगर खपत है तो धामपुर या अन्य जगहों का बना माल क्यों पी रहे हैं। या तो शराब बंद हो जाए, फिर फैक्ट्री का भी क्या करना, फैक्ट्री भी उखाड़ दी जाएगी। अब जब सरकार लोगों से शराब छुड़वा नहीं सकती, तो अपने प्रदेश में बना कर सस्ती तो उपलब्ध करा ही सकती है।

डांडी-कांठी क्लब ने नेगी को दी बधाई डांडी-कांठी क्लब ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को संगीत नाटक अकादमी सम्मान के लिए चुने जाने पर बधाई दी। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विजय भूषण उनियाल ने कहा कि नेगी को सम्मान मिलना उत्तराखंड की लोक संस्कृति का सम्मान है। नेगी बोले, सरकार को संस्कृति संवर्धन के लिए करना होगा काम मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने नेगी को राज्य में संस्कृति को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। नेगी ने सीएम से कहा कि उनकी सरकार को संस्कृति संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस उपाय करने होंगे।

इस पर सीएम ने बताया कि राज्य सरकार पौड़ी के कोट ब्लॉक की सितोस्यूं पट्टी में फलस्वाड़ी गांव में उस जगह पर मंदिर निर्माण व सौंदर्यीकरण कर उसे धार्मिक पर्यटक सर्किट के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। जहां हर साल सीता माता का मेला लगता है।

More videos

See All