बाप एक नम्बरी बेटा दस नम्बरी, बृजेन्द्र भी बयानों को लेकर सुर्खियों में !
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के सांसद पुत्र बृजेंद्र सिंह भी पिता की राह पर हैं। पिता की तरह वह भी विवादित बयान देकर सुर्खियों में आ गए हैं। हरियाणा के राजनीतिक गलियारों में बीरेंद्र सिंह और उनके सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह छाए हुए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह बिजली व पानी की समस्या की समस्या का समाधान उनके स्तर पर नहीं होने की बात कहकर सुर्खियों में आए थे। अब ठीक इसी तरह का बयान बृजेंद्र सिंह ने दिया है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ी हुई है। इसके साथ ही वह विरोधियों के निशाने पर भी आ गए हैं।
केंद्रीय मंत्री रहते हुए बीरेंद्र सिंह से जब मीडिया कर्मियों ने बिजली, पानी और सड़की की समस्या पर सवाल किया तो उन्होंने जवाब दिया कि यह काम केंद्र सरकार के मंत्री का नहीं होता। इस काम के लिए विधायक और सांसदों से सवाल किए जाने चाहिए। बीरेंद्र सिंह यहां तक कह गए थे कि जब उनका बेटा बृजेंद्र सिंह हिसार का सांसद बनेगा, तब उससे इस बारे में सवाल पूछना। इन सवालों का जवाब देने के लिए और भी कई विधायक और राज्य सरकार के मंत्री हैं। बीरेंद्र सिंह की इस राय को तब सामान्य ढंग से लिया गया।
अब ताजा विवाद हिसार के नव निर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह के बयान से पैदा हुआ है। आइएएस की नौकरी से वीआरएस लेकर राजनीति में आए बृजेंद्र सिंह हिसार के हांसी में एक अभिनंदन समारोह में गए हुए थे। वहां उन्होंने बिल्कुल वही वाक्य दोहरा दिया, जो उनके पिता बीरेंद्र सिंह ने कहा था। बृजेंद्र सिंह बोले कि बिजली पानी की समस्या का समाधान एक सांसद का काम नहीं होता। हालांकि उनकी नजर में यह काम विधायक के स्तर का है, लेकिन उनके इस बयान को विरोधियों ने हाथों हाथ लिया है।