सीएम मनोहर लाल ने मतदान के लिए जताया आभार, अधिकारी और जवानों को कहा शुक्रिया
रविवार को आम चुनाव के छठे चरण में संपन्न हुए हरियाणा की सभी 10 सीटों के मतदान पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के प्रत्येक मतदाता का लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति डालने के लिए आभार जताया है। यही नहीं मतदान प्रक्रिया में ड्यूटी देने वाले अधिकारी व कर्मचारियों को बधाई दी। देर शाम मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश को प्रगति पथ पर अग्रसर करने तथा सशक्त बनाने में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव की अहम भूमिका होती है।
इस कड़ी में रविवार को प्रत्येक नागरिक द्वारा मतदान प्रक्रिया में तेज धूप, लंबी लाइन के बावजूद दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ मतदान करने पर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग जन, महिला वर्ग, बुजुर्गों के साथ-साथ प्रथम बार मतदान करने युवक-युवतियों के जोश और उत्साह लोकतंत्र की खूबसूरती को दर्शाता है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने वाले अधिकारी, कर्मचारी, मतदान केंद्र स्तर तक पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारी, जवानों को भी शुभकामनाएं दीं।