हरियाणा से पूर्व कांग्रेस सांसद अरविंद शर्मा भाजपा में शामिल

हरियाणा में लोकसभा की दस सीटों को जीतने का दम भर रही भाजपा कद्दावर दावेदारों के नाम फाइनल करने में जुट गई है। हर सीट पर होमवर्क पूरा करने के बाद दूसरे दलों के मजबूत नेताओं को भी पाले में लाया जा रहा है। उम्मीदवार फाइनल करने को लेकर नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र ने सीएम मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र चौधरी व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के साथ मंत्रणा की। 
इसी बैठक के दौरान करनाल के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा को भी भाजपा में शामिल करने पर चर्चा की गई। अरविंद को भाजपा में शामिल कराने की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। कलराज और मनोहर लाल की मंत्रणा के दौरान ही अरविंद शर्मा हिमाचल भवन पहुंच गए। बैठक खत्म होने के बाद सीएम मनोहर लाल ने अरविंद शर्मा को भाजपा में शामिल कराया। 
देर शाम अरविंद शर्मा की मुलाकात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी कराई गई। इस दौरान सीएम मनोहर लाल व हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन भी मौजूद रहे। भाजपा ने अरविंद को ज्वाइन कराकर विरोधियों को बड़ा झटका दिया है। जीटी रोड बेल्ट पर भाजपा को इससे मजबूती मिलेगी। चूंकि, अरविंद शर्मा दो बार करनाल से कांग्रेस सांसद रह चुके हैं, जबकि एक बार उन्होंने सोनीपत लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीता था।

More videos

See All