समाजवादी पार्टी सांसद जियाउर्रहमान बर्क की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुलडोजर ऐक्शन से पहले सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर गुरुवार को एंटी पावर थेफ्ट पुलिस ने बिजली चोरी का केस दर्ज किया। साथ ही विद्युत विभाग ने उन पर 1.91 करोड़ का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा उनके पिता ममलूकुर्रहमान बर्क व उनके दो साथियों पर भी विभागीय अधिकारियों को धमकाने के मामले में नखासा थाने में एफआईआर दर्ज की गई ।
बिजली चोरी की पुष्टि होने पर दोपहर में विभाग ने सांसद के घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया है। हालांकि सांसद के अधिवक्ता ने छापेमारी पर आपत्ति जताते हुए अधिक लोड के आरोप को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि घर पर दस किलोवाट का सोलर पैनल और पांच किलोवाट का जनरेटर भी लगा है।
स्मार्ट मीटर व पुराने मीटरों की जांच से बिजली चोरी का खुलासा हुआ था
गुरुवार सुबह बिजली विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उनके घर पर बिजली चोरी और अनियमितताओं की जांच की। स्मार्ट मीटर और पुराने मीटरों की जांच से बिजली चोरी का पता चला। जांच में पाया गया कि सांसद के घर पर 16.40 किलोवाट का लोड चल रहा था। एक स्मार्ट मीटर पर 5.9 किलोवाट का लोड मिला, जबकि उस मीटर का स्वीकृत लोड मात्र दो किलोवाट था। उनके और उनके दादा के नाम पर दर्ज दो-दो किलोवाट के कनेक्शन पर पिछले एक साल में केवल 14,363 रुपये का बिल आया। बिजली विभाग ने मंगलवार को सांसद बर्क के घर पर आर्मर्ड केबल के साथ स्मार्ट मीटर लगाया था। स्मार्ट मीटर का लोड पुराने मीटर की रीडिंग से बिल्कुल मेल नहीं खाता था, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि पुराने मीटरों के साथ छेड़छाड़ की गई थी।





