मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्मों को लेकर एक बार फिर मोहन यादव के राज पर सवाल खड़े किये है। पटवारी ने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रेप और हत्या की घटना के खिलाफ बीजेपी देशभर में प्रदर्शन कर रही है, उसी दौरान मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के विधानसभा क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म हुआ। पटवारी ने पूछा कि महिला के साथ हुई घटना पर अब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं। मध्यप्रदेश में जंगल राज चल रहा है, ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। पटवारी ने दावा किया कि मोहन यादव के राज में मध्य प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य बन गया है जहां प्रतिदिन 18 बलात्कार की घटनायें होती है।
महिला ने आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज़ करायी
पीड़ित महिला ने आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज़ करायी है। पुलिस के मुताबिक़, पीड़ित महिला ने कहा कि लोकेश ने उसके साथ ग़लत संबंध बनाये। जब उसके साथ यह सब घटना हुई, उस दौरान वह नशे के चलते होश में नहीं थी।
दूसरी तरफ़, सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना को लेकर मोहन सरकार और प्रदेश की क़ानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये है। कई यूजर्स ने तो यहाँ तक लिखा कि बीजेपी जहाँ गैर-बीजेपी शासित राज्यों में दुष्कर्म को लेकर हंगामा करती है, वहीं बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्मों पर चुप्पी साधे बैठी है। कई यूजर्स ने पूछा कि क्या यही है राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर क़ानून व्यवस्था?





