वेंस ने फॉक्स न्यूज के शो ‘स्पेशल रिपोर्ट विद ब्रेट बेयर’ में कहा, “हमें उम्मीद है कि भारत इस हमले का जवाब जिम्मेदारी के साथ देगा और यह प्रतिक्रिया किसी बड़े क्षेत्रीय संघर्ष में तब्दील नहीं होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर पाकिस्तान इस आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार तत्वों को अपने इलाके में पनाह दे रहा है, तो उसे भारत के साथ मिलकर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में लाया जा सके।”
यह वेंस की इस हमले पर पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया थी। उन्होंने मार्च में भारत यात्रा के दौरान भी इस घटना की निंदा की थी और ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट के माध्यम से पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। यह बयान भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है। मार्च 2025 में हुए इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी। इसे 2019 के पुलवामा हमले के बाद का सबसे घातक आतंकी हमला माना जा रहा है। इस हमले ने न सिर्फ भारत के आंतरिक सुरक्षा तंत्र को झकझोरा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ाई है।
हमले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत की थी। उन्होंने पाकिस्तान से हमले की जांच में सहयोग और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की अपील की। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि भारत आतंक के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने दो टूक कहा, “अगर कोई यह सोचता है कि कायरता भरा हमला उनकी जीत है, तो उन्हें याद रखना चाहिए कि यह नरेंद्र मोदी का भारत है। हम एक-एक हमले का बदला लेंगे।”





