उपमुख्यमंत्री ने राहुल पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वह कभी संभल तो कभी अलीगढ़ जाकर भ्रामक बयानों से जनता को भड़काना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हाथरस मामले में सीबीआई जांच पूरी हो चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। राहुल को समझना चाहिए कि जनता उनकी वास्तविकता समझ चुकी है। आज उत्तर प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही देश में नंबर एक स्थान प्राप्त करेगा।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि राहुल को यूपी की प्रगति हजम नहीं हो रही है। आज यूपी की कानून व्यवस्था पूरे देश में मिसाल बन रही है और अन्य राज्य यूपी मॉडल को अपना रहे हैं। उन्होंने राहुल से आग्रह किया कि वे अपनी स्थिति पर गंभीरता से विचार करें, क्योंकि जनता उनसे ऊब चुकी है।
राहुल गांधी की पीड़ित परिवार से मुलाकात
सांसद राहुल गांधी गुरुवार को बूलगढ़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाथरस पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। बंद कमरे में करीब 55 मिनट तक उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की। 2020 में चंदपा क्षेत्र के गांव बूलगढ़ी में युवती की मौत का मामला देश-विदेश में सुर्खियों में रहा। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तीन लोगों को कोर्ट ने बरी कर दिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी जेल में है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा में आज भी सीआरपीएफ की एक कंपनी तैनात है।





