उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी मिल्कीपुर उपचुनाव में भाग नही लेगी । उन्होंने बताया कि कांग्रेस अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है। इसी दिशा में पार्टी ने सभी राज्य कार्यसमितियों को भंग कर दिया है। राय ने दृढ़तापूर्वक कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
SP पहले ही उतार चुकी है उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों में से 9 पर उपचुनाव पूरे हो चुके हैं। मिल्कीपुर सीट पर चुनाव की घोषणा सुप्रीम कोर्ट में लंबित याचिका के कारण रुकी हुई थी। बीजेपी नेता गोरखनाथ बाबा ने पिछले चुनाव को चुनौती देते हुए सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद का नामांकन रद्द करने की मांग की थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी है, जिससे उपचुनाव का रास्ता साफ हो गया है।
गठबंधन साझेदार होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने पहले ही मिल्कीपुर में अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अवधेश प्रसाद के सांसद बनने से रिक्त हुई इस सीट पर सपा ने उनके पुत्र अजित प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। इस परिस्थिति में कांग्रेस ने चुनाव से किनारा कर लिया है।





