रामफोसा द्वारा इन आरोपों को खारिज करते ही ट्रंप ने एक बड़ी स्क्रीन पर एक वीडियो चलाया, जिसमें दावा किया गया कि दक्षिण अफ्रीका में हजारों श्वेत किसानों की हत्या की गई है। ट्रंप ने मीडिया रिपोर्ट्स और लेखों की प्रतियां भी रामफोसा को दिखाईं और जोर देकर कहा, "डेथ, डेथ..."। इस आक्रामक रवैये से माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
ट्रंप के आरोपों का जवाब देते हुए रामफोसा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन इसका शिकार सिर्फ श्वेत नहीं बल्कि अश्वेत नागरिक भी हो रहे हैं — और उनकी संख्या कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह वीडियो पहले कभी नहीं देखा और सरकार इसकी प्रमाणिकता की जांच करेगी।
रामफोसा ने आगे कहा कि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाना था, जो 1994 के बाद से सबसे निचले स्तर पर हैं। उन्होंने ट्रंप को रंगभेद के खिलाफ संघर्ष करने वाले नेल्सन मंडेला की याद भी दिलाई।
बातचीत के दौरान रामफोसा ने हल्के-फुल्के अंदाज में ट्रंप पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा, "मुझे खेद है कि मेरे पास आपके लिए कोई रॉयल प्लेन नहीं है।" इस पर ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, "काश, आपके पास होता।"
गौरतलब है कि ट्रंप को उनके कतर दौरे के दौरान वहां की सरकार की ओर से करीब 3,400 करोड़ रुपये मूल्य का एक लग्जरी विमान उपहार में मिला था। फरवरी में ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका को दी जा रही अमेरिकी सहायता रोकने की घोषणा की थी, यह कहते हुए कि वहां श्वेत किसानों पर अत्याचार और ज़मीन की जबरन अधिग्रहण की घटनाएं हो रही हैं। इस पर पलटवार करते हुए रामफोसा ने कहा था कि अमेरिका को उनके देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।





