Molitics Logo
होम एनसीआर में स्कूलों और दिल्ली यूनिवर्सिटी कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसी को जाँच में कुछ नहीं मिला

एनसीआर में स्कूलों और दिल्ली यूनिवर्सिटी कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसी को जाँच में कुछ नहीं मिला

एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में शुक्रवार सुबह दो प्रमुख स्कूलों और दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रतिष्ठित कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके कारण |

एनसीआर में स्कूलों और दिल्ली यूनिवर्सिटी कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसी को जाँच में कुछ नहीं मिला
फोटो: Delhi University College in NCR, Threat to bomb schools
एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में शुक्रवार सुबह दो प्रमुख स्कूलों और दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रतिष्ठित कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके कारण हड़कंप मच गया और सुरक्षा के लिहाज से छात्रों को उनके घर भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम स्क्वॉड, फायर डिपार्टमेंट और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी परिसर की गहन जांच करना शुरू कर दिया। यह धमकी पूर्वी दिल्ली स्थित एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल और नोएडा के प्रसिद्ध शिव नादर स्कूल को भेजी गई थी, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज को भी इसी तरह की धमकी भरी ईमेल प्राप्त हुई थी।

 डीसीपी नॉर्थ दिल्ली ने बताया कि यह धमकी सुबह 07:42 बजे मिली और उसी समय से कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। धमकी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया और उनके परिसर की पूरी तरह से तलाशी ली जा रही है। पुलिस, बम स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वॉड की टीमें यह सुनिश्चित करने में लगी थीं कि कहीं भी कोई खतरा न हो। इसके साथ ही साइबर टीम भी ईमेल की विस्तृत जांच कर रही है। शिव नादर स्कूल की प्रिंसिपल ने अभिभावकों को एक संदेश भेजा, जिसमें उन्हें बच्चों को घर पर ही रखने की अपील की गई थी और जिन बच्चों ने स्कूल बस में सवारी की थी, उन्हें वापस भेज दिया गया था।

 प्रिंसिपल ने अभिभावकों से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी। डीसीपी नोएडा राम बदन सिंह ने बताया कि बम धमकी के बारे में गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि धमकी भेजने का तरीका और भाषा में कुछ अंतर था, जो कि पहले भेजी गई धमकियों से अलग था। ईमेल में दक्षिण भारतीय भाषा का उपयोग किया गया था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह किसी छात्र द्वारा भेजी गई हो सकती है। इसके बावजूद, पुलिस ने मामले की जांच में कोई कसर नहीं छोड़ी और यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी कोशिश की कि कोई भी खतरा ना हो।

 इसके बाद नोएडा पुलिस ने इस धमकी को भेजने वाले नाबालिग आरोपी को मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक नामी स्कूल का छात्र था और दिल्ली का निवासी था। पुलिस ने स्कूल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज किया और उसे हिरासत में लेकर बाल कल्याण बोर्ड के सामने पेश किया। प्राथमिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि आरोपी स्कूल नहीं जाना चाहता था, इसलिए उसने डर का माहौल बनाने के लिए यह धमकी भरी ईमेल भेजी थी। इस पूरे मामले के बाद पुलिस ने स्कूलों और अभिभावकों से यह अनुरोध किया कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।

Read This Also:- दिल्ली के रोहिणी में झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, 20 झुग्गियां और कबाड़ गोदाम जलकर हुआ राख