सुमन ने कहा, "मैदान सज चुका है, तैयारी पूरी है। अब राजनीतिक मुकाबला होगा और दो-दो हाथ की लड़ाई तय है।"
रामजीलाल सुमन ने आगरा में नगर निगम और जलेसर रोड पर आयोजित डॉ. आंबेडकर जयंती समारोहों में शिरकत की और वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। इसके बाद वे फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा डॉ. आंबेडकर की विचारधारा को कभी नहीं मानती थी, लेकिन आज सत्ता और वोट के लिए उनकी जयंती मनाई जा रही है। यह दिखावा है, जो लोगों को अब समझ में आने लगा है।
करणी सेना को लेकर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमारे देश में पहले वायु सेना, थल सेना और नौसेना थी, अब एक नई 'सेना' सामने आ गई है – करणी सेना। ये लोग सड़कों पर उतरकर इतिहास बदलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जब चीन हमारी सीमाओं पर अतिक्रमण कर रहा है, अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बता रहा है, तब ये रणबांकुरे कहां हैं? अगर उनमें सच में साहस है, तो उन्हें सीमा पर जाकर देश की रक्षा करनी चाहिए।"
इतिहास का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भरतपुर के राजा सूरजमल वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने कभी किसी गरीब, दलित या मजलूम का सिर नहीं काटा, बल्कि अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। "आज जिन लोगों को सूरजमल की विरासत की बात करने का अधिकार नहीं है, वे भी उनकी आड़ में अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं।"
रामजीलाल सुमन ने यह भी स्पष्ट किया कि आज की लड़ाई केवल एक व्यक्ति की नहीं है, यह पूरे *पीडीए – यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग* की सामूहिक लड़ाई है। "हमें एकजुट होकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को बचाने की भी है।"
इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद थे, जिनमें जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा, महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार, ममता टपलू, गौरव यादव, राजपाल यादव, पवन प्रजापति और सोमेश गुप्ता शामिल रहे। सभी ने मिलकर डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और सामाजिक समरसता व समानता के उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Read This Also:- नेशनल हेराल्ड मामले में अखिलेश यादव का बयान, "ईडी को खत्म किया जाए"





